देश

Uttarakhand: 'तराई को आबाद करने में सिख समाज का बड़ा योगदान', बोले CM पुष्कर सिंह धामी

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 18, 2023, 07:51 PM IST

CM Pushkar Singh Dhami in Rudrapur: उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि तराई को आबाद करने में सिख समाज का बड़ा योगदान है। तराई क्षेत्र की विश्व में लघु भारत के रूप में पहचान बन रही है। रुद्रपुर में विभाजन विभीषिका स्थल का निर्माण किया जाएगा।

Image

'उत्तराखंड में जल्द लागू किया जायेगा यूनिफॉर्म सिविल कोड'।

Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को रुद्रपुर में आयोजित युवा सिख सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि तराई को आबाद करने में सिख समाज का बहुत बड़ा योगदान है। प्रथम गुरु 'गुरु नानक देव' से लेकर दशमेश गुरूओं के आशीर्वाद से यह धरती लगातार कृषि, उद्योग एवं विकास की दृष्टि में लघु भारत का संदेश पूरे विश्व में दे रही है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक जी से लेकर गुरू तेगबहादुर जी तक समस्त गुरूओं ने राष्ट्र को प्रथम रखा और पूरे राष्ट्र और धर्म को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया, इसके लिए उन्होंने कुर्बानिया भी दी।

जल्द लागू होगा आनंद कारज एक्ट पर लिया गया फैसला

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 1947 में देश का विभाजन हुआ और विभाजन विभीषिका पर शहीदों को याद करने, उनकों स्मरण करने के लिए पूरे देश में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाता है। उन्होंने रुद्रपुर में विभाजन विभषिका स्मृति स्थल का निर्माण जल्दी कराये जाने की घोषणा की। सीएम धामी ने आनंद कारज एक्ट के संबंध में मंत्रिमंडल ने जो निर्णय लिया है, उसे जल्द लागू करने तथा पांच लाख तक किसानों के लोन पर स्टाम्प ड्यूटी की छूट पहले की तरह जारी रखे जाने की बात भी कही। उन्होंने आश्वासन दिया कि वर्ग चार की जो नियमितीकरण की पॉलिसी है, उसको अभी आगे बढ़ाया जायेगा। अमृतसर तक के लिए ट्रेन चले, इसके लिए दोबारा रेलमंत्री से आग्रह किया जाएगा।

CM Dhami in Rudrapur.

युवा सिख सम्मेलन में सीएम पुष्कर सिंह धामी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 100 से भी ज्यादा बार ब्लड डोनेट करने वाले जगदीश सिंह गोल्डी, दिलजीत सिंह, हरविन्दर सिंह चुघ को अंग वस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि सभी का सहयोग, प्रेम व एकजुटता ही है जो हमें विषम परिस्थितियों में भी प्रदेश में निरंतर विकास कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाभाव के संकल्प का अनुसरण कर के पूरे मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे है।

पूरे देश में वीर बालदिवस मनाया जा रहा है- सीएम धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने शहजादों की कुर्बानी पर वीर बाल दिवस मनाने का संकल्प लिया था और आज पूरे देश में वीर बालदिवस मनाया जा रहा है। उन्होने कहा कि हमारे सिख भाईयों का देश के विकास में जो योगदान है, उसको शब्दों में व्यक्त कर पाना नामुमकिन है। प्रधानमंत्री मोदी का एक भारत, श्रेष्ठ भारत के ध्येय वाक्य को जीवंत करने का कार्य हमारी सिख परम्परा कर रही है। उन्होने कहा सिखों द्वारा नानकमत्ता साहिब के साथ जगह-जगह गुरुद्वारों द्वारा लंगर की व्यवस्था कर श्रद्वालुओं को भोजन कराने का कार्य जिस सेवा भाव से किया जाता है वह सराहनीय है।

डबल इंजन की सरकार पर क्या बोले उत्तराखंड के सीएम?

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है हर उलझे हुए मामलों को सुलझाने का हमारा निरंतर प्रयास रहता है। हम चीजों को उलझानें में नही बल्कि सुलझानें में विश्वास रखते है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा करतापुर साहब नानक साहिब में 120 करोड़ की लागत से कोरीडोर की व्यवस्था करने का काम किया है। अफगानिस्तान की तालिबानी हुकुमत से पवित्र गुरूगन्थ साहब को हिन्दुस्तान लाने का कार्य भी प्रधानमंत्री जी द्वारा किया गया। उन्होने कहा प्रधानमंत्री जी द्वारा जो हमें नो रत्न समर्पित किये गये हैं, उसमें से एक रत्न हमारा गोविन्दघाट से हेमकुण्ड साहब तक बनने वाला रोपवे है, जिससे 19 किमी. की पैदल चलने वाली यात्रा 9 मिनट में पूरी हो जायेगी।

'उत्तराखंड में जल्द लागू किया जायेगा यूनिफॉर्म सिविल कोड'

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के पश्चात उनके द्वारा राज्य हित में अनके सकारात्मक कदम उठाए गए है। प्रदेश में नकल रोकने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मान्तरण विरोधी कानून, लैण्ड तथा लव जेहाद के साथ महिलाओं के हित में अनेक निर्णय लिए है और जल्द ही प्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया जायेगा।

इस अवसर पर कैबीनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, राज्य मंत्री उत्तर प्रदेश बलदेव सिंह ओलख, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, अरविन्द पाण्डे, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, डॉ.शैलेन्द्र मोहन सिंघल द्वारा भी अपने विचार व्यक्त किये गये। कार्यक्रम का संचालन गुरविन्दर सिंह चण्डोक द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी उदयराज सिंह, एसएसपी मन्जूनाथ टीसी सहित उपाध्यक्ष अल्पसंख्यक आयोग सरदार इकबाल सिंह, किसाना आयोग के उपाध्यक्ष राजपाल सिंह, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा के अलावा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article