देश

अमेरिका में हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की कथित साजिश! MEA ने जांच की मांग की, 'भारत-विरोधी नफरत' पर जताई चिंता

अमेरिका के इलिनॉय में हिंदू मंदिर पर कथित गोलीबारी की साजिश को लेकर भारत ने चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी अधिकारियों से मामले की गहन जांच, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Image

MEA ने अमेरिका में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की कथित साजिश पर चिंता जताई

विदेश मंत्रालय (MEA) ने गुरुवार को अमेरिका में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की कथित साजिश पर चिंता जताई और इसकी जांच की मांग की। मंत्रालय ने कहा कि इस घटना ने अमेरिका में 'बढ़ती नस्लीय शत्रुता और भारत-विरोधी नफरत' को लेकर भारत की चिंताओं को और बढ़ा दिया है।

विदेश मंत्रालय का यह बयान तब आया है, जब अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने 19 वर्षीय एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस को गिरफ्तार किया। उस पर इलिनॉय के ऑरोरा में एक हिंदू मंदिर में बड़े पैमाने पर गोलीबारी (mass shooting) करने की साजिश रचने का आरोप है।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, 'इलिनॉय के ऑरोरा इलाके में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी करने की कथित साजिश की खबरों से हम बेहद चिंतित हैं। इस साजिश का हिंदू-विरोधी और नस्लीय स्वरूप, जिसमें भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा की बात कही गई है, विशेष रूप से चिंताजनक है।'

हिंसा के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' अपनाने और निर्णायक कार्रवाई करने की आवश्यकता

मंत्रालय ने आगे कहा, 'यह घटना अमेरिका में बढ़ती नस्लीय शत्रुता और भारत-विरोधी नफरत को लेकर हमारी चिंताओं को और बढ़ाती है। भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिक सतर्कता बरतने, नफरत से प्रेरित हिंसा के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' (सख्त रुख) अपनाने और निर्णायक कार्रवाई करने की आवश्यकता है।' विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारत को उम्मीद है कि अमेरिकी अधिकारी इस मामले की गहन जांच करेंगे, दोषियों को सजा दिलाएंगे और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाएंगे।

हमले की कथित साजिश

पैलेटाइन पुलिस विभाग, जिसने इस कथित साजिश की जांच की और पैपोराकिस को गिरफ्तार किया, के अनुसार, जांच की शुरुआत 11 अक्टूबर को हुई। उस दिन उन्हें माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस विभाग से एक संभावित 'मास शूटिंग' (बड़े पैमाने पर गोलीबारी) के बारे में जानकारी मिली थी। यह सूचना एक व्यक्ति ने दी थी, जिसे पैपोराकिस की ओर से 'चिंताजनक' इलेक्ट्रॉनिक संदेश मिले थे।

राइफल की कई भरी हुई मैगजीन, सैकड़ों अतिरिक्त कारतूस आदि चीजें मिलीं

जांचकर्ताओं को पता चला कि पैपोराकिस ने एक दस्तावेज साझा किया था, जिसमें मंदिर में बड़े पैमाने पर गोलीबारी करने की कथित योजना का जिक्र था। उसने एक राइफल, राइफल मैगजीन, बॉडी आर्मर (सुरक्षा कवच) और अन्य सामरिक उपकरणों की तस्वीरें भी साझा की थीं। पुलिस ने संदिग्ध को तब गिरफ्तार किया, जब वह अपने घर से बाहर निकल रहा था। बाद में घर की तलाशी लेने पर एक राइफल, राइफल की कई भरी हुई मैगज़ीन, सैकड़ों अतिरिक्त कारतूस, सामरिक उपकरण और जांच से जुड़ी अन्य चीजें मिलीं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें