देश

'6 महीनों में खत्म हो जाएंगे DMK नेताओं के मामले', अन्नामलाई का हमला, बोले- परिसीमन पर समर्थन के बदले वसूली पूरी कीमत

तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने रविवार को द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) पर करारा हमला बोला है। उन्होंने परिसीमन विधेयक को समर्थन देने के बदले केंद्र सरकार से राजनीतिक लाभ हासिल करने का आरोप लगाया।

Image

के अन्नामलाई ने बोला हमला।

Photo : PTI

तमिलनाडु: 'वी द लीडर्स' के संस्थापक और तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व नेता के. अन्नामलाई ने परिसीमन पर DMK के समर्थन को लेकर करारा हमला बोला है। उन्होंने DMK पर परिसीमन विधेयक को समर्थन देने के बदले केंद्र सरकार से राजनीतिक लाभ हासिल करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि डीएमके ने केंद्र से अपनी मनचाही कीमत वसूल कर ली है, वे कोई गांधी नहीं हैं जो बस यूं ही दस्तखत कर दें।

ED और CBI की जांच पर उठाए सवाल

वी द लीडर्स' के संस्थापक के. अन्नामलाई ने चेन्नई में कहा कि डीएमके जल्द ही बीजेपी के साथ आ जाएगी। उन्होंने कहा, "डीएमके, बीजेपी के साथ जुड़ जाएगी, ईडी के मामले धीरे-धीरे खत्म हो जाएंगे, अब वे पूरी तरह से 'शुद्ध' हो जाएंगे; ये सब अगले छह महीनों में होगा।

DMK की विचारधारा भाजपा से बिल्कुल अलग

चेन्नई में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अन्नामलाई ने कहा कि डीएमके की विचारधारा भाजपा से बिल्कुल अलग है, लेकिन कई सालों बाद वो केंद्र सरकार के किसी महत्वपूर्ण विधेयक का समर्थन करने जा रही है। उन्होंने कहा, "अगर कोई मुझसे कहता है कि डीएमके बिना किसी शर्त के इस विधेयक का समर्थन कर रही है तो मुझे ऐसे लोगों पर हंसी आएगी। डीएमके 100 फीसदी शर्तों के साथ इस विधेयक का समर्थन कर रही है।"

2029 से पहले बड़े राजनीतिक बदलाव के संकेत

डीएमके के नेताओं को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना पर उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसा तुरंत होता नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक वोट बैंक को लेकर डीएमके और टीवीके के बीच प्रतिस्पर्धा है। इस दौरान उन्होंने 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले बड़े राजनीतिक बदलाव की संभावना जताई।

तमिलनाडु में लोकसभा सीटें बढ़ने का दावा

अन्नामलाई ने परिसीमन से जुड़े 132वें संविधान संशोधन का स्वागत करते हुए इसे भारत और तमिलनाडु दोनों के लिए फायदेमंद बताया। उन्होंने दावा किया कि प्रस्ताव के तहत तमिलनाडु की लोकसभा सीटें 39 से बढ़कर 59 हो सकती हैं। इससे लोकसभा में राज्य की हिस्सेदारी 7.18 प्रतिशत से बढ़कर 7.21 प्रतिशत होने का अनुमान है।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

अन्नामलाई ने कांग्रेस को पूरी तरह दिशाहीन बताते हुए उस पर राजनीतिक अपरिपक्वता दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ डीएमके के सांसद दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी कांग्रेस मुख्यालय में प्रस्तुति दे रहे थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि केंद्र सरकार का अगला बड़ा कदम 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' हो सकता है, जिसे अगले साल संसद के किसी सत्र में लाया जा सकता है। अन्नामलाई ने अनुमान जताया कि डीएमके इस प्रस्ताव का भी समर्थन कर सकती है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article