देश

UP Tax Revenue:टैक्स कमाई में UP का रिकॉर्ड, 7 महीनों में 3 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा छूने वाला बना पहला राज्य

केंद्र सरकार के टैक्स कलेक्शन में हिस्सेदारी के अलावा राज्यों के टैक्स रेवेन्यू में छह प्रमुख स्रोत शामिल हैं। इनमें स्टेट जीएसटी (SGST), स्टांप और रजिस्ट्रेशन, भूमि राजस्व, सेल्स टैक्स, राज्य उत्पाद शुल्क और अन्य टैक्स एवं शुल्क शामिल हैं।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

कंट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल (CAG) के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले सात महीनों यानी अप्रैल से अक्टूबर के दौरान टैक्स कलेक्शन में 3 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। इस मामले में महाराष्ट्र दूसरे और कर्नाटक तीसरे स्थान पर रहे। हालांकि, सालाना आधार पर टैक्स कलेक्शन में बढ़ोतरी के मामले में हरियाणा 23 फीसदी की वृद्धि के साथ सबसे आगे रहा।

केंद्र सरकार के टैक्स कलेक्शन में हिस्सेदारी के अलावा राज्यों के टैक्स रेवेन्यू में छह प्रमुख स्रोत शामिल हैं। इनमें स्टेट जीएसटी (SGST), स्टांप और रजिस्ट्रेशन, भूमि राजस्व, सेल्स टैक्स, राज्य उत्पाद शुल्क और अन्य टैक्स एवं शुल्क शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा हिस्सेदारी SGST की है। रिपोर्ट में शामिल सभी आठ राज्यों में जीएसटी से होने वाली आय में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह बढ़ोतरी जीएसटी दरों के युक्तिकरण और मुआवजा व्यवस्था खत्म होने के बावजूद हुई है।

CAG के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश ने चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से अक्टूबर के दौरान SGST से करीब 1.03 लाख करोड़ रुपये कमाए, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा करीब 90 हजार करोड़ रुपये था। महाराष्ट्र का SGST कलेक्शन करीब 1.03 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 1.20 लाख करोड़ रुपये हो गया। कर्नाटक का जीएसटी राजस्व 56 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर करीब 65 हजार करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, तमिलनाडु ने पिछले साल के 41 हजार करोड़ रुपये से अधिक के मुकाबले करीब 48 हजार करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। जीएसटी दरों में कटौती के बावजूद अधिक रजिस्ट्रेशन और बेहतर अनुपालन समेत कई वजहों से राज्यों की आय बढ़ी है।

1 नवंबर 2025 से 31 अक्टूबर 2026 के बीच 14 लाख से अधिक नए करदाता जुड़े

जीएसटी पोर्टल के आंकड़ों के मुताबिक, 1 नवंबर 2025 से 31 अक्टूबर 2026 के बीच 14 लाख से अधिक नए करदाता जुड़े। इसके साथ ही कुल करदाताओं की संख्या बढ़कर 1.71 करोड़ से अधिक हो गई। इस अवधि में उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र, दोनों राज्यों में 2 लाख से ज्यादा नए करदाता जुड़े। उत्तर प्रदेश में कुल करदाताओं की संख्या करीब 22.7 लाख और महाराष्ट्र में 21.2 लाख से अधिक हो गई। इन आंकड़ों में केंद्र और राज्य, दोनों के अधीन पंजीकृत करदाता शामिल हैं।

'उत्तर प्रदेश ने बजट अनुमान का 36 फीसदी से थोड़ा अधिक खर्च किया'

वहीं, चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में बड़े राज्यों का कुल खर्च पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि के मुकाबले कम रहा। उत्तर प्रदेश ने बजट अनुमान का 36 फीसदी से थोड़ा अधिक खर्च किया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 38 फीसदी से ज्यादा था। महाराष्ट्र ने करीब 38 फीसदी खर्च किया, जबकि पिछले साल यह 41 फीसदी से अधिक था। कर्नाटक ने करीब 42 फीसदी खर्च किया, जो पिछले वित्त वर्ष के करीब 43 फीसदी से कम है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article