देश

Spying for Pakistan: पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में वाराणसी और दिल्ली से दबोचे गए दो शख्स

spying for pakistan: पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में दो शख्स की गिरफ्तारी यूपी एटीएस ने की है,एक को दिल्ली तो दूसरे को वाराणसी से दबोचा गया है।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

spying for pakistan: उत्तर प्रदेश एंटी टेररिज़्म स्क्वॉड (ATS) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान प्रायोजित राष्ट्रविरोधी संगठन से जुड़कर भारत के खिलाफ कार्य करने और पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में एक व्यक्ति मोहम्मद हारुन को गिरफ्तार किया है।

अभियुक्त मोहम्मद हारुन दिल्ली के सीलमपुर इलाके का निवासी है और स्क्रैप का काम करता है। आरोपी पाकिस्तान उच्चायोग में कार्यरत मुजम्मल हुसैन के साथ मिलकर वीजा दिलवाने के नाम पर अवैध रूप से धन वसूल रहा था।

एटीएस को मिली गुप्त जानकारी के अनुसार, हारुन और हुसैन ने पाकिस्तान के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा जानकारी साझा की और भारत की आंतरिक सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।

हारुन ने मुजम्मल हुसैन के साथ मिलकर कई बैंक खातों के जरिए वीजा प्राप्त करने वाले लोगों से पैसे जमा करवाए और इस धन को देशविरोधी गतिविधियों में इस्तेमाल किया। पूछताछ में यह सामने आया कि हारुन की पाकिस्तान में रिश्तेदारी थी, जिसके चलते वह पाकिस्तान जाने के दौरान मुजम्मल हुसैन के संपर्क में आया। इसके बाद, हुसैन ने हारुन से कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की और उन्हें पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों के लिए उपयोग करने के लिए भेजा।

पाकिस्तान उच्चायोग में कार्यरत मुजम्मल हुसैन को भारत सरकार ने 'पर्सन नॉन ग्राटा' घोषित कर दिया है और उसे देश छोड़ने का आदेश दिया गया है।गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद हारुन के पास से 2 मोबाइल फोन और 16,900 रुपए नकद बरामद हुए हैं। एटीएस ने इस मामले में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

वाराणसी से पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाला युवक गिरफ्तार

इससे पहले यूपी एटीएस ने वाराणसी से पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के नवापुरा स्थित हनुमान फाटक इलाके में की गई।गिरफ्तार युवक का नाम मोहम्मद तुफैल है, जो स्थानीय निवासी है। एटीएस की जांच में सामने आया है कि तुफैल पाकिस्तान के प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-ए-लब्बैक के लिए काम करता था।

' मौलाना शाद रिजवी के वीडियो और संदेश भारत में फैला रहा था'

वह संगठन के नेता मौलाना शाद रिजवी के वीडियो और संदेश भारत में फैला रहा था। साथ ही, वह ग़ज़वा-ए-हिंद, बाबरी मस्जिद का बदला लेने और भारत में शरीयत लागू करने जैसे भड़काऊ और कट्टरपंथी संदेश भी व्हाट्सएप ग्रुप्स में साझा करता था।सबसे गंभीर बात यह सामने आई है कि तुफैल ने बनारस के कई महत्वपूर्ण स्थानों की तस्वीरें और संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तानी नंबरों पर भेजी थी। वह 600 से अधिक पाकिस्तानी मोबाइल नंबरों के संपर्क में था।

फिलहाल यूपी एटीएस तुफैल से गहन पूछताछ कर रही है और उससे जुड़े नेटवर्क की भी तलाश जारी है। यह गिरफ्तारी देश की सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।बता दें कि, हाल ही में देश के विभिन्न शहरों में कई पाकिस्तानी जासूसों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उन लोगों से पूछताछ कर रही है और पता लगाने में जुटी है कि ये अब तक क्या जानकारियां पाकिस्तान भेज चुके हैं।

इनमें सबसे चर्चित नाम हरियाणा की ज्योति मल्होत्रा

इनमें सबसे चर्चित नाम हरियाणा की ज्योति मल्होत्रा का है। ज्योति पर आरोप है कि वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी कर रही थी और अब तक कई खुफिया जानकारी पाकिस्तान को भेज चुकी हैं। पुलिस ने हाल ही में ज्योति को गिरफ्तार किया था और अब रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि वह कई अहम खुलासे कर सकती है।

IANS इनपुट

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article