देश

'बेटे की शादी कब कर रही हैं?' जब उद्धव ठाकरे ने अभिजीत दिपके की मां से पूछा ये सवाल

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने छात्र आंदोलन से चर्चा में आए अभिजीत दिपके से फोन पर बातचीत कर उन्हें विपक्ष के समर्थन का भरोसा दिया और मुंबई स्थित 'मातोश्री' आने का निमंत्रण दिया। बातचीत के दौरान ठाकरे ने दिपके की मां अनीता दिपके से उनके बेटे की शादी को लेकर भी हल्के-फुल्के अंदाज में सवाल किया। वहीं, अभिजीत दिपके ने कहा कि छात्रों की सभी मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Image

उद्धव ठाकरे ने अभिजीत दिपके की मां अनीता से की बात। PTI

Photo : PTI

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके से शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने फोन पर बातचीत की। इस दौरान ठाकरे ने दिपके को विपक्ष के समर्थन का भरोसा दिया और उनसे जल्द 'मातोश्री' आने का निमंत्रण भी दिया।

बातचीत के दौरान एक दिलचस्प पल तब आया, जब उद्धव ठाकरे ने अभिजीत दिपके की मां अनीता दिपके से उनके बेटे की शादी की योजना के बारे में पूछ लिया। इस पर अनीता दिपके ने मुस्कुराते हुए कहा कि हर माता-पिता चाहते हैं कि उनके बच्चों की शादी हो। उन्होंने बताया कि वह पहले भी अभिजीत से इस बारे में बात कर चुकी हैं, लेकिन अंतिम फैसला उनका बेटा ही करेगा।

'जब तक छात्रों की सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा'

बताया गया कि शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता चंद्रकांत खैरे अभिजीत दिपके के घर पहुंचे थे। वहीं से उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए उद्धव ठाकरे की दिपके और उनके परिवार से बात कराई। बातचीत के दौरान ठाकरे ने कहा कि पूरा विपक्ष अभिजीत दिपके के साथ खड़ा है। जवाब में दिपके ने कहा कि जब तक छात्रों की सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

उद्धव ठाकरे ने अभिजीत दिपके को मुंबई स्थित अपने आवास मातोश्री आने का निमंत्रण भी दिया। दिपके ने इस निमंत्रण को स्वीकार करते हुए कहा कि वह सभी से मिलना चाहते हैं और जल्द ही मातोश्री जाएंगे। हाल ही में एक इंटरव्यू में अभिजीत दिपके ने स्पष्ट किया था कि उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का गठन करना नहीं है। उन्होंने कहा कि वह एक समूह के रूप में छात्रों और युवाओं के मुद्दे उठाते रहेंगे। उन्होंने यह भी दोहराया कि उनका आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण रहेगा।

अभिजीत दिपके मूल रूप से महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के रहने वाले हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बाद अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में उच्च शिक्षा प्राप्त की। हाल के छात्र आंदोलन के बाद वे राष्ट्रीय राजनीति और छात्र मुद्दों पर चर्चित चेहरा बनकर उभरे हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article