BMC Elections: शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने बुधवार को एक साथ मिलकर बीएमसी चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान, उद्धव ठाकरे ने कहा कि आज हमारे लिए ऐतिहासिक दिन है... हमारी सोच एक है... ठाकरे बंधुओं का साथ आना स्वभाविक है।
उद्धव ठाकरे ने क्या कुछ कहा?
उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम ठाकरे भाई यहां हैं, हमारे पिता ने मुंबई की आज़ादी के लिए लड़ाई लड़ी थी। पूरा ठाकरे परिवार आज़ादी की लड़ाई में शामिल था। इतने सालों तक हम सत्ता में थे, लेकिन हाल ही में सब खत्म किया जा रहा है, दिल्ली में बैठे उनके नेताओं का यही मकसद है। अगर वे कामयाब हो गए तो यह मुंबई के शहीदों का अपमान होगा।
भाजपा पर बरसे उद्धव ठाकरे
उन्होंने कहा कि शिवसेना की स्थापना को 60 साल हो चुके हैं, इतने साल अच्छे से गुजरे, लेकिन दिल्ली में ऊपर के दो लोग जो बैठे हैं, वह मुंबई को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं और अगर आज हम लड़ने लगे तो हमारे परिवार और बलिदानियों का अपमान होगा। इसलिए हम लोग एक साथ आए हैं, एक साथ रहने के लिए... मुंबई या महाराष्ट्र को किसी ने बुरी नजर से देखा तो राजनीति में उनका खात्मा करने से नहीं चूकेंगे। उत्साह काफी है।

बीएमसी चुनाव के लिए एक साथ आए उद्धव और राज
उद्धव ठाकरे ने कहा कि आज हमें महज महाराष्ट्र नहीं, बल्कि पूरा देश देख रहा है। इस दौरान उन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा कही गई बातों का जिक्र किया। उन्होंने मराठी जनता से कहा कि अगर आप चूकेंगे तो खत्म हो जाएंगे।
कौन कितनी सीट पर लड़ेगा चुनाव?
मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने कहा कि मेरा एक इंटरव्यू था, जिसमें मैंने कहा था कि महाराष्ट्र किसी भी पर्सनल झगड़े से बड़ा है। उन्होंने कहा कि कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा, यह मैं आपको नहीं बताऊंगा। इन दिनों राज्य में बच्चा चोर गैंग एक्टिव है। दो लोग (शिंदे भाजपा) हैं, जो नेताओं को उठा ले जा रहे हैं... कई सालों से राज्य इस दिन का इंतज़ार कर रहा था और आज वह दिन आ गया है।
इससे पहले, उद्धव और राज ठाकरे दोनों ने अपनी पत्नियों के साथ शिवाजी पार्क में बाला साहेब ठाकरे के स्मारक पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान, उद्धव ठाकर के बेटे और पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे भी मौजूद रहे।
