देश

छत्तीसगढ़: चलते-चलते थककर पटरी पर सो गए थे, दो युवकों की मालगाड़ी से कटकर मौत, दो घायल

शुरुआती जानकारी के अनुसार, पीड़ितों सहित लगभग 11 मजदूर रेलवे ट्रैक पर पैदल कुसुमकसा की ओर जा रहे थे। उनमें से पांच आराम करने के लिए ट्रैक पर बैठ गए और उसी समय वहां एक मालगाड़ी आ गई।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर

Balod Goods Train: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां रेल पटरी पर चलते-चलते थककर वहीं सो गए दो युवकों की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुसुमकसा रेलवे स्टेशन के करीब ट्रेन से कटकर दिल्लू राय (19) और कृष्णा (20) की मृत्यु हो गई तथा दो अन्य अजय राय और विकास अमरान घायल हो गए।

झारखंड के थे मजदूर

अधिकारियों ने बताया कि सभी पड़ोसी राज्य झारखंड के धनबाद जिले के अंतर्गत लक्ष्मणपुर गांव के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि झारखंड से कुछ युवकों का दल मजदूरी करने के लिए यहां पहुंचा था। अधिकारियों के अनुसार आज सुबह लगभग चार बजे जब 11 युवकों का एक दल दल्लीराजहरा रेलवे स्टेशन की ओर से पटरी से होते हुए पैदल कुसुमकसा रेलवे स्टेशन जा रहा था, इसी दौरान वे थककर पटरी पर ही बैठ गए।

थकान लगने पर पांच युवक पटरी पर ही सो गए

अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान थकान लगने पर पांच युवक पटरी पर ही बैठे रहे और अन्य छह आगे बढ़ गए। चार युवकों की नींद लग गई और वे वहीं सो गए, जबकि एक अन्य वहीं बैठा रहा। अधिकारियों ने बताया कि जब पटरी पर मालगाड़ी आती दिखी तो बैठे हुए युवक ने अन्य को जगाने की कोशिश की। जब मालगाड़ी करीब आई तो हड़बड़ी में जागे युवक बचने की कोशिश में भागने लगे, लेकिन सफल नहीं हो सके। इस घटना में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया और शवों और घायलों को अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों और घायलों के परिवारों को सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article