देश

Kedarnath: CM हेल्पलाइन पर महिला की हुई सुनवाई, छेड़छाड़ मामले में दो पुलिसकर्मियों हुए निलंबित

Kedarnath: मध्य प्रदेश की एक महिला श्रद्धालु के साथ छेड़छाड़ के आरोप में दो पुलिस उप-निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। महिला ने रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक को व्हॉटसऐप पर एक शिकायत की जिसके आधार पर जांच समिति का गठन किया गया था, लेकिन जांच में कोई खास प्रगति नहीं हुई।

Image

पुलिस अधिकारी निलंबित

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • महिला ने व्हॉटसऐप के जरिए की थी शिकायत
  • समिति गठित होने के बावजूद जांच में नहीं हुई थी कोई खास प्रगति
  • महिला ने फिर उत्तराखंड मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज कराई शिकायत

Kedarnath: एक साल पहले केदारनाथ के दर्शन के लिए आई मध्य प्रदेश की एक महिला श्रद्धालु के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में दो पुलिस उप-निरीक्षक को निलंबित किया गया है। रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भदाणे ने शुक्रवार को समाचार एजेंसी भाषा को बताया कि उप-निरीक्षक कुलदीप नेगी और केदारनाथ के थाना अधिकारी मंजुल रावत को एक जांच समिति की सिफारिश के आधार पर निलंबित किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

महिला पिछले साल मई में अपने आठ मित्रों के साथ केदारनाथ आयी थी। मंदिर में दर्शन करने के बाद उसके मित्र हेलीकॉप्टर से लौट गये। हालांकि, हेलीकॉप्टर में जगह न होने के कारण वह वहां अकेली रह गयी। श्रद्धालु हेलीकॉप्टर के अगले चक्कर की प्रतीक्षा कर रही थी, लेकिन अचानक मौसम खराब होने के कारण हवाई सेवा को रोक दिया गया। मंदिर में ठहरने की कोई उचित व्यवस्था नहीं थी, इसलिए उसने मुंजल रावत से मदद मांगी।

महिला ने व्हॉटसऐप के जरिए की शिकायत

महिला की शिकायत के हवाले से पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उसने श्रद्धालु को रात में पुलिस शिविर में ठहरने के लिए कहा और यह भी कहा कि रात में सुरक्षा के लिए एक महिला कांस्टेबल की तैनाती कर दी जाएगी। हालांकि, केदारनाथ पुलिस शिविर में किसी महिला कांस्टेबल को नहीं भेजा गया और इसके बजाय उप-निरीक्षक नेगी शराब पीकर शिविर में आ गया और महिला श्रद्धालु से छेड़छाड़ करने लगे। अगली सुबह वह अपने शहर इंदौर लौट आई और इस संबंध में रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक को व्हॉटसऐप पर शिकायत भेज दी।

जांच समिति की गई थी गठित

शिकायत पर कार्रवाई करते हुए भदाणे ने गुप्तकाशी के सर्किल अधिकारी की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित कर दी, हालांकि जांच में कोई खास प्रगति नहीं हुई। इस पर महिला ने अक्टूबर में उत्तराखंड मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद देहरादून के नगर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार को मामले की जांच सौंपी गई।

भदाणे ने बताया कि हाल में प्रशासन को सौंपी अपनी रिपोर्ट में कुमार ने दोनों पुलिसकर्मियों को दोषी ठहराया जिसके बाद 28 जून को उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गयी। उन्होंने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article