देश

Twisha Sharma Case: शादी से लेकर दहेज तक... ट्विशा केस में किन-किन प्वाइंट्स पर रहेगी CBI की नजर?

Twisha Sharma Case: ट्विशा शर्मा केस में आज से सीबीआई अपनी जांच शुरू करेगी। सीबीआई अपनी जांच में कई प्वाइंट्स पर फोकस कर सकती है।

Image

आज से ट्विशा शर्मा केस की जांच शुरू करेंगी सीबीआई (फोटो- X)

Twisha Sharma Case: ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के हाथों में पहुंच गई है। मंगलवार से सीबीआई इस बहुचर्चित मामले की औपचारिक जांच शुरू करेगी। जांच एजेंसी के सामने सबसे बड़ी चुनौती 12 मई की रात की घटनाओं के क्रम को दोबारा जोड़ना और यह पता लगाना होगा कि आखिर ट्विशा की मौत से पहले क्या-क्या हुआ था। मामले को लेकर लगातार उठ रहे सवालों और परिवार के गंभीर आरोपों के बाद अब सीबीआई हर पहलू की गहराई से जांच करेगी।

शादी के बाद ही शुरू हो गया था विवाद

सूत्रों के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद से ही ट्विशा और उसके पति समर्थ के बीच विवाद शुरू हो गए थे। जनवरी से मार्च के बीच ट्विशा को कथित तौर पर लगातार ताने और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। ट्विशा ने इस बारे में अपने माता-पिता को भी जानकारी दी थी। परिवार का आरोप है कि समर्थ उसे खर्च के लिए पैसे तक नहीं देता था, जिसके बाद ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने कई बार उसके बैंक खाते में ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए। अब सीबीआई इन वित्तीय लेनदेन की जांच कर यह पता लगाएगी कि परिवार के दावे कितने सही हैं।

किन-किन चीजों पर फोकस करेंगी CBI?

जांच एजेंसी की नजर अब उन सभी घटनाओं पर होगी जो शादी से लेकर 12 मई की रात तक हुईं। सीबीआई यह भी पता लगाएगी कि ट्विशा और समर्थ की मुलाकात कैसे हुई थी और शादी में हुए खर्च का पूरा ब्योरा क्या था। ट्विशा के परिवार ने समर्थ की मां पर शादी के खर्च के नाम पर दहेज मांगने का आरोप लगाया है। एजेंसी अब यह जांच करेगी कि इस दावे से जुड़े कोई बैंक ट्रांजैक्शन या अन्य सबूत मौजूद हैं या नहीं।

परिवार का आरोप

परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि समर्थ ने ट्विशा के साथ मारपीट की थी। बताया जा रहा है कि 22 अप्रैल को उसने दोबारा ऐसा नहीं करने का आश्वासन भी दिया था। सीबीआई दोनों परिवारों के बयान दर्ज कर उनका क्रॉस-वेरिफिकेशन करेगी। मामले का सबसे अहम हिस्सा 12 मई की रात का है। ट्विशा के पिता के अनुसार, रात करीब 9:40 बजे ट्विशा ने व्हाट्सएप कॉल किया था, जिसे उसकी मां ने उठाया। परिवार का दावा है कि कॉल के दौरान बैकग्राउंड में समर्थ के चिल्लाने की आवाज सुनाई दे रही थी। अब सीबीआई कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच करेगी और दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार भी करेगी। एजेंसी जल्द ही समर्थ की मां गिरी बाला सिंह को भी पूछताछ के लिए समन जारी कर सकती है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article