देश

TVK विधायक करुप्पैया को बनाया गया प्रोटेम स्पीकर, नवनिर्वाचित विधायकों को दिलाएंगे शपथ; इस दिन होगा विधानसभा अध्यक्ष का चयन

Tamil Nadu Assembly: तमिलनाडु के राज्यपाल आर्लेकर ने शोलावंदन से टीवीके विधायक एमवी करुप्पैया को विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष के रूप में शपथ दिलाई।

Image

तमिलनाडु में अब विजय सरकार

Photo : PTI

Tamil Nadu Assembly: तमिलनाडु के राज्यपाल आर्लेकर ने शोलावंदन से टीवीके विधायक एम वी करुप्पैया को विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर (Protem Speaker) के रूप में शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री विजय भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि सोमवार को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है, जहां पर नवनिर्वाचित सदस्य शपथ लेंगे। इस सत्र की शुरुआत सोमवार 9:30 बजे होगी।

यह शपथ ग्रहण समारोह ऐसे समय हुआ है जब अभिनेता से नेता बने विजय ने हाल ही में तमिलनाडु के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला है। उनकी पार्टी टीवीके ने 2026 विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पहली बार में ही 108 सीटें जीतकर राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव ला दिया।

विधायकों को शपथ दिलाएंगे करुप्पैया

शोलावंदन सीट से विधायक चुने गए एम वी करुप्पैया अब विधानसभा के पहले सत्र में नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे। तमिलनाडु विधानसभा सचिवालय के अनुसार, 17वीं विधानसभा का पहला सत्र 11 मई को सुबह 9:30 बजे चेन्नई सचिवालय स्थित विधानसभा कक्ष में आयोजित होगा। इसी दिन सभी नवनिर्वाचित विधायक शपथ लेंगे।

कब चुना जाएगा विधानसभा अध्यक्ष

इसके बाद 12 मई को विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा। मुख्यमंत्री विजय ने रविवार सुबह चेन्नई के फोर्ट सेंट जॉर्ज स्थित सचिवालय में आधिकारिक तौर पर कार्यभार संभाला। इससे पहले राज्यपाल आर्लेकर ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह में विजय और उनके नौ मंत्रियों को शपथ दिलाई।

विजय ने तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट से दिया इस्तीफा

विजय ने तिरुचिरापल्ली पूर्व विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया और पेरम्बूर सीट बरकरार रखी। राज्य विधानसभा सचिवालय ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया कि मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने से पहले, विजय ने अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसमें कहा गया कि उन्होंने पत्र मंत्रियों के.ए. सेंगोट्टैयन और पी. वेंकटरमन के माध्यम से विधानसभा के प्रमुख सचिव के. श्रीनिवासन को भिजवाया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article