अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस समय लॉस एंजिलिस प्रदर्शन और वहां नेशनल गार्ड की तैनाती को लेकर आलोचनाओं के घेरे में हैं। कहा जा रहा है कि जो ट्रंप कैपिटल हिल दंगे के आरोपियों को माफी दे रहे थे, वही ट्रंप अब लॉस एंजिलिस के प्रदर्शकारियों को मारने की बात कह रहे हैं। बता दें कि कैपिटल हिल में दंगे करने वाले ट्रंप के ही समर्थक माने जाते हैं।
ट्रंप की धमकी
ट्रंप ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर लॉस एंजिलिस में प्रदर्शन कर रहे और पुलिसकर्मियों तथा नेशनल गार्ड के सदस्यों के पास जाकर उन पर थूकने वाले प्रदर्शनकारियों को सोमवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये कड़ी चेतावनी दी। ट्रंप ने लिखा, “अगर वे थूकेंगे, तो हम मारेंगे और मैं आपसे वादा करता हूं कि उन्हें पहले से भी ज्यादा बुरी तरह से मारा जाएगा। ऐसा अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा!”
कैपिटल हिल के आरोपियों को माफी
राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप की हार के बाद उनके समर्थकों ने सत्ता के हस्तांतरण में बाधा उत्पन्न करने के लिए छह जनवरी 2021 को कैपिटल हिल परिसर में हिंसा, लूटपाट और आगजनी की थी। इस दौरान, प्रदर्शनकारियों के हमले में लगभग 140 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। ट्रंप ने तब उस दिन (छह जनवरी 2021) को “एक खूबसूरत दिन” बताया था। उन्होंने दूसरी बार राष्ट्रपति पद संभालने के बाद कैपिटल हिल दंगे में शामिल एक हजार से अधिक लोगों को माफ कर दिया था। हालांकि, अब उन्होंने लॉस एंजिलिस ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों के कर्मियों पर हमले की निंदा की है।
ट्रंप की हो रही आलोचना
डार्टमाउथ कॉलेज में राजनीति विज्ञान के विशेषज्ञ ब्रेंडन न्याहन ने कहा, “ट्रंप के रवैये से यह साफ है कि वह कानून के शासन और उसे लागू करने वाले लोगों को तभी महत्व देते हैं, जब यह उनके राजनीतिक हित में हो।” कानून विशेषज्ञ माइक रोमानो ने कहा, “वे (कैपिटल हिल परिसर में दंगा करने वाले लोग) बेहद हिंसक थे और उनके साथ ऐसा व्यवहार किया गया, जैसे कि उनका अपराध कुछ भी नहीं था। अब राष्ट्रपति कुछ प्रदर्शनकारियों की ओर से की जा रही हिंसा का इस्तेमाल कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई के बहाने के रूप में करने की कोशिश कर रहे हैं।”
AP की रिपोर्ट
