Kartik Purnima Haridwar: धर्मनगरी हरिद्वार में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही विश्व प्रसिद्ध हर की पैड़ी सहित हरिद्वार के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश समेत देश के कोने-कोने से पहुंचे हजारों लाखों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
'हर-हर गंगे' के जयकारों से गूंज उठी धर्मनगरी
धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन मां गंगा में स्नान और दान-पुण्य करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है और जीवन में सुख-समृद्धि का वास होता है। इसी आस्था के चलते स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने घाटों पर पूजा-अर्चना और दीपदान किया। हर की पैड़ी और आसपास के घाटों पर भक्तिमय माहौल बना हुआ है और पूरा क्षेत्र 'हर-हर गंगे' व 'जय मां गंगे' के जयकारों से गुंजायमान हो रहा है।
पीएम मोदी ने दीं कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की शुभकामनाएं
इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) के माध्यम से समस्त देशवासियों को बधाई दी है। पीएम मोदी ने अपने संदेश में लिखा, 'आप सभी को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। इस पावन पर्व में सेवा के माध्यम से परोपकार का संदेश निहित है। पवित्र स्नान, दान-पुण्य और दीपदान से समृद्ध यह परंपरा सभी के जीवन में श्रद्धा, आस्था और सकारात्मकता का संचार करे, यही मंगलकामना है।'
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: मेला क्षेत्र 32 सेक्टरों में विभाजित
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं:
पुलिस बल और विशेष टीमों की तैनाती: सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी के अनुसार, पूरे मेला क्षेत्र को 2 सुपर जोन, 12 जोन और 32 सेक्टरों में विभाजित कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए बम निरोधक दस्ता, एटीएस (ATS) और एलआईयू (LIU) की भी ड्यूटी लगाई गई है।
चरणबद्ध ट्रैफिक प्लान: श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए चरणबद्ध तरीके से ट्रैफिक प्लान लागू किया जा रहा है, ताकि बाहर से आने वाले यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
