Kartik Purnima 2026: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार (24 नवंबर) को देशभर के प्रमुख तीर्थस्थलों और पवित्र नदियों के घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर की पहली किरण के साथ ही लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र नदियों और सरोवरों में आस्था की डुबकी लगाई, दीपदान किया और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की।
ब्रजघाट में उमड़े श्रद्धालु, हापुड़ से दिल्ली जाने वाले मार्ग पर लगा जाम
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले स्थित प्रसिद्ध तीर्थ नगरी ब्रजघाट (गढ़मुक्तेश्वर) में कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
वापसी की भीड़ से जाम के हालात: ताजा जानकारी के अनुसार, गढ़मुक्तेश्वर में मां गंगा में पवित्र स्नान करने के बाद श्रद्धालुओं के वापस लौटने का सिलसिला शुरू होने से हापुड़ की ओर से दिल्ली जाने वाले रास्ते पर जाम लग गया है। जैसे पिलखुवा टोल टैक्स पर सुबह जाम नोट किया गया।
ठीक इसी तरह की स्थिति बीते दिन (सोमवार को) भी देखने को मिली थी, जब स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के दबाव के कारण दिल्ली से हापुड़ जाने वाले मार्ग पर जाम लगा था।
पुरी, काशी और यमुनानगर में भी दिखा भक्तिमय माहौल
देश के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक देव जयंती की अद्भुत छटा देखने को मिली:
पुरी (ओडिशा): श्री जगन्नाथ मंदिर के सामने देशभर से आए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ भगवान जगन्नाथ के दिव्य 'स्वर्ण वेश' (Swarna Besha) के दर्शन करने के लिए एकत्रित हुई।
वाराणसी (काशी विश्वनाथ मंदिर): पवित्र कार्तिक मास के अवसर पर 26 अक्टूबर से कार्तिक पूर्णिमा तक प्रतिदिन सप्तर्षि आरती के दौरान बाबा श्री काशी विश्वनाथ का विशेष 'दीपमाला श्रृंगार' किया जा रहा है। दीपों की रोशनी से जगमगाते बाबा के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
यमुनानगर (हरियाणा): कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक देव जयंती के अवसर पर आयोजित प्रसिद्ध कपाल मोचन मेले में पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से आए श्रद्धालुओं ने कपाल मोचन सरोवर में पवित्र स्नान किया।
कार्तिक पूर्णिमा का धार्मिक महत्व और दीपदान
हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक माह की पूर्णिमा तिथि को अत्यंत पवित्र माना जाता है और यह दिन भगवान शिव व माता पार्वती के पुत्र भगवान कार्तिकेय से भी जुड़ा है। देशभर में श्रद्धालु मंदिरों को सजाकर, दीप जलाकर और जल की सतह पर जगमगाते हुए छोटे दीप-नौकाएं (दीपदान) प्रवाहित कर इस महापर्व को पूरे उत्साह के साथ मना रहे हैं।
