कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक और कार्यकर्ता सौरव दास ने आरोप लगाया है कि उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली उड़ान भरने से रोक दिया गया। उन्होंने दावा किया कि वे ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में व्याख्यान देने के लिए यूके जा रहे थे। सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि उन्हें लंदन की फ्लाइट पकड़ने से रोका गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने बताया कि इमिग्रेशन काउंटर पर उन्हें कहा गया कि उनका पासपोर्ट 'फ्लैग' किया गया है।
दास का कहना है कि उन्हें ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) और यूनिवर्सिटी ऑफ एडिनबर्ग सहित कई संस्थानों से CJP आंदोलन पर बोलने का निमंत्रण मिला था। ऑक्सफोर्ड यूनियन की सूची के अनुसार, 1 दिसंबर को CJP पर एक पैनल चर्चा प्रस्तावित है।
CJP और अन्य नेताओं की प्रतिक्रिया
कॉकरोच जनता पार्टी ने 'X' पर लिखा कि सरकार शिक्षित आवाजों से डरती है। पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रंका ने भगोड़े कारोबारी नीरव मोदी का जिक्र करते हुए सरकार पर तंज कसा, वहीं तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने इस कथित कार्रवाई की वैधता और आधार पर सवाल उठाए।
घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे किसी व्यक्ति को सौरव दास को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से मिले निमंत्रण के कारण जलन है। उन्होंने निशाना साधते हुए यह तक कह दिया कि सत्ता में बैठे किसी अनपढ़ शख्स को सौरव दास से जलन हो रही है।
इससे पहले अक्टूबर में जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में सौरव दास और आशुतोष रंका को गिरफ्तार किया गया था। वे 21 अक्टूबर को तिहाड़ जेल से जमानत बांड पर रिहा हुए थे।
