देश

पर्यटन और व्यापार को नई रफ्तार, पुडुचेरी में शुरू हुई 2000 करोड़ की सड़क क्रांति

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पुडुचेरी में 2000 करोड़ रुपये की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शुभारंभ किया। नई सड़कों से शहर को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, सफर तेज़ होगा और पर्यटन को नई रफ्तार मिलेगी।

Image

परियोजना का आकार देखते केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी

पुडुचेरी के लोगों के लिए अब राहत भरी खबर है। अब शहर की तंग सड़कों और रोज़ के ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलने वाला है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को 2000 करोड़ रुपये से अधिक की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात दी। इनके पूरा होने के बाद न सिर्फ सफर आसान होगा बल्कि ईंधन की बचत और प्रदूषण में भी कमी आएगी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ इस मौके पर राज्यपाल के. कैलाशनाथन, मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी, और केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।

नई परियोजनाओं में इंदिरा गांधी स्क्वायर से राजीव गांधी स्क्वायर तक 4 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर, एनएच-332A पर 14 किलोमीटर लंबी ईसीआर रोड का सुधार कार्य, और एनएच-32 पर 38 किलोमीटर लंबे पुडुचेरी–पोंडीयनकुप्पम फोर-लेन सेक्शन का उद्घाटन शामिल है।

इन सड़कों के बनने से पुडुचेरी शहर के अंदर का यातायात काफी हद तक सुगम हो जाएगा। अब तक इंदिरा गांधी स्क्वायर से राजीव गांधी स्क्वायर तक का सफर जहां करीब 35 मिनट में तय होता था, वहीं एलिवेटेड रोड बनने के बाद यह दूरी सिर्फ 10 मिनट में पूरी हो सकेगी। इससे ट्रैफिक जाम कम होगा और वाहनों का ईंधन भी बचेगा।

साथ ही, नई सड़कों से मनाकुला विनयगर मंदिर, नटराज मंदिर, नवग्रह मंदिरों और श्री अरविंदो आश्रम जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी। वहीं, विलुपुरम से कडलूर, चिदंबरम और नागपट्टिनम की ओर जाने वाले यात्रियों को अब शहर में घुसना नहीं पड़ेगा, जिससे करीब 50 मिनट की यात्रा बच सकेगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इन परियोजनाओं से पुडुचेरी का पर्यटन और व्यापार दोनों को नई रफ्तार मिलेगी। वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि इससे पुडुचेरी आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा और शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी।

कुल मिलाकर, ये सड़कें पुडुचेरी को ‘स्मार्ट ट्रैवल हब’ बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होंगी।

Prerit Kumar
प्रेरित कुमारauthor

मैं एक जिज्ञासु पत्रकार हूँ, जो खबरों के हर पहलू को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य का अनुभव रखता हूँ। पत्रकारिता की दुनिया में एक दशक से सक्रिय हूँ। समाज और सच्चाई को जोड़ने वाली सार्थक पत्रकारिता में विश्वास करता हूँ।

और पढ़ें
End of Article