मौसम नूर की कांग्रेस में हुई वापसी तो भाजपा ने TMC को घेरा, कहा- मुस्लिम वोट खो रही हैं ममता 'दीदी'
- Edited by: अनुराग गुप्ता
- Updated Jan 3, 2026, 11:18 PM IST
Bengal Chunav 2026: भाजपा ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले मौसम नूर की कांग्रेस में वापसी इस बात का संकेत है कि मुस्लिम मतदाता मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से 'किनारा' कर रहे हैं। भाजपा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के लिए स्थिति वास्तव में बेहद खराब है, जब उसके राज्यसभा सदस्य अपना कार्यकाल छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (फाइल फोटो साभार: PTI)
Bengal Chunav 2026: भाजपा ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य मौसम नूर की कांग्रेस में वापसी इस बात का संकेत है कि मुस्लिम मतदाता मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से 'किनारा' कर रहे हैं, जिससे उनकी पार्टी ‘बेहद मुश्किल’ में पहुंच गई है।
कांग्रेस में शामिल हुईं नूर
नूर सात साल के अंतराल के बाद शनिवार को कांग्रेस में लौटीं और कहा कि वह अपने चाचा और पार्टी के पूर्व दिग्गज नेता गनी खान चौधरी की विरासत को आगे बढ़ाना चाहती हैं। उनके पश्चिम बंगाल में मालदा से विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना है। राज्यसभा सदस्य के रूप में उनका कार्यकाल अप्रैल तक है।
TMC पर बरसी BJP
इस घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए पश्चिम बंगाल के भाजपा सह-प्रभारी अमित मालवीय ने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस के लिए स्थिति वास्तव में बेहद खराब है, जब उसके राज्यसभा सदस्य अपना कार्यकाल छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं, जबकि बंगाल में मालदा और मुर्शिदाबाद के कुछ मुस्लिम बहुल विधानसभा क्षेत्रों को छोड़कर कांग्रेस की लगभग कोई उपस्थिति नहीं है।’’
मालवीय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इससे सिर्फ एक ही बात पुष्ट होती है: मुस्लिम मतदाता, जिन्हें ममता बनर्जी अपना पक्का वोट बैंक मानती है, अब उनसे किनारा कर रहे हैं।’’ मालवीय ने आरोप लगाया, ‘‘एक वर्ग को खुश करने की अपनी बेताबी में ममता बनर्जी ने हिंदुओं को दूसरे दर्जे का नागरिक बना दिया। अब उनके पास दोनों में से काई नहीं है। हिंदू उनके कुशासन से तंग आ चुके हैं और मुसलमान उन्हें छोड़कर कौम (जनता) के नेताओं का साथ दे रहे हैं।’’
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।