देश

'हमारे संपर्क में हैं BJP के कई विधायक, दिक्कत ये है कि...', सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का बड़ा दावा

पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में यादव ने कहा, 'कई लोग संपर्क में हैं। लेकिन हम उन्हें कैसे समायोजित करें? हम कोई वादा करके फिर उससे मुकरना नहीं चाहते।’आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन के भविष्य पर उन्होंने कहा कि पहले जो गठबंधन था, वह जारी रहेगा।

Image

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।

Photo : ANI

Akhilesh Yadav : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई विधायक उनके संपर्क में हैं लेकिन इन नेताओं को सपा में कैसे जगह दी जाए, यह समस्या उनके सामने है। लखनऊ में मीडिया से बातचीत करते हुए सपा सुप्रीमो ने संकेत दिया कि पार्टी उन सहयोगी दलों के साथ चुनाव लड़ेगी जिनके साथ मिलकर उसने हाल के चुनाव लड़े हैं। अखिलेश ने कहा कि वह जल्द ही अपने गठबंधन के बारे में घोषणा करेंगे।

हम वादा करके मुकरना नहीं चाहते-सपा अध्यक्ष

पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में यादव ने कहा, 'कई लोग संपर्क में हैं। लेकिन हम उन्हें कैसे समायोजित करें? हम कोई वादा करके फिर उससे मुकरना नहीं चाहते।’आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन के भविष्य पर उन्होंने कहा कि पहले जो गठबंधन था, वह जारी रहेगा। सीट बंटवारे पर यादव ने कहा, 'जीत ही सीट का आधार है।’राज्यसभा चुनाव पर सपा अध्यक्ष ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रतिनिधियों का जनता द्वारा चुना जाना और फिर विधायकों द्वारा उच्च सदन के सदस्यों का चुनाव किया जाना जरूरी है।

नाथवानी की उम्मीदवारी पर भी बोले अखिलेश

उन्होंने कहा, 'लोकतंत्र में बेईमानी नहीं होनी चाहिए। अगर भाजपा ने बेईमानी न की होती, तो समाजवादी पार्टी के तीन राज्यसभा सदस्य होते।’

यादव ने सपा में 'क्रॉस-वोटिंग’ के कारण पिछले चुनाव में पार्टी उम्मीदवार आलोक रंजन की हार का जिक्र करते हुए विधायकों से 'बीते हुए समय की गलतियों को सुधारने’की अपील की। धनराज परिमल नाथवानी की उम्मीदवारी पर अखिलेश यादव ने कहा कि सपा को नई पीढ़ी और नई सोच का प्रतिनिधित्व करने वाले व्यक्ति को राज्यसभा भेजने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि उद्योगपति और कारोबारी दिग्गज अर्थव्यवस्था के साथ विभिन्न सामाजिक पहल में भी योगदान देते हैं।

'इस बार लोधी बनाम योगी होगा’

उन्होंने कहा कि सपा उत्तर प्रदेश में उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देना चाहती है तथा अर्थव्यवस्था बढ़ाने और किसानों, गरीबों एवं युवाओं के लिए रोजगार पैदा करने में योगदान देने वालों का समर्थन लेगी। रायबरेली में पार्टी विधायक राहुल लोधी के साथ पुलिस के कथित व्यवहार पर यादव ने सवाल उठाया, 'पुलिस किसी चुने हुए प्रतिनिधि के साथ ऐसा व्यवहार कैसे कर सकती है?’उन्होंने कहा, 'इस बार लोधी बनाम योगी होगा।’ यादव ने किसानों के मुद्दे पर कहा कि उनकी सरकार बनने पर गन्ना किसानों को बकाया भुगतान 24 से 48 घंटे में मिल जाएगा और सपा के घोषणापत्र में किसानों के लिए कई उपाय शामिल होंगे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article