Flying Kiss Controversy: तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी पर निशाना साधा है। संसद में फ्लाइंग किस विवाद पर तंज कसते हुए उन्होंने गुरुवार को कहा कि महिला पहलवानों से छेड़छाड़ मामले में आरोपी भाजपा सांसद को उन्होंने एक शब्द भी नहीं कहा और अब वह फ्लाइंग किस की बात कर रही हैं।
बता दें, मोइत्रा का यह बयान लोकसभा में राहुल गांधी से जुड़े फ्लाइंग किस विवाद पर स्मृति ईरानी के बयान के एक दिन बाद आया है। स्मृति ईरानी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को स्त्रियों से द्वेष रखने वाला व्यक्ति बताते हुए कहा था कि सदन में ऐसी घटना पहले कभी नहीं देखी।
आपकी प्राथमिकताएं क्या हैं मैडम
टीएमसी सांसद मोइत्रा ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, जब भाजपा के एक सांसद पर हमारी चैम्पियन महिला पहलवानों से छेड़छाड़ और उत्पीड़न करने का आरोप लगता है, तब हम महिला एवं बाल विकास मंत्री से एक शब्द भी नहीं सुनते हैं और अब वह फ्लाइंग किस की बात कर रही हैं। महुआ मोइत्रा ने आगे कहा, आपकी प्राथमिकताएं क्या हैं मैंडम।
महिला सांसदों ने की लोकसभा स्पीकर से शिकायत
बता दें फ्लाइंग किस विवाद की घटना को लेकर भाजपा की महिला सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट की थी और राहुल गांधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। तृणमूल कांग्रेस सांसद की टिप्पणी को भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर आरोपों के संदर्भ में देखा जा रहा है जिन पर महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न करने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने सांसद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
