आज की ताजा खबर, 12 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: न्यूयॉर्क में तीन मंजिला इमारत ढहने से दो लोगों की मौत; कई मलबे में फंसे...उप्र विधानसभा चुनाव के लिए ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद करेंगे गठबंधन का ऐलान
आज की ताजा खबर लाइव, 12 नवंबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [न्यूयॉर्क हादसा], [उप्र विधानसभा चुनाव], [इंडिया न्यूज] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन की घोषणा करने के वास्ते बृहस्पतिवार को लखनऊ में एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन करेंगे। इसके अलावा, यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) द्वारा हाल ही में बर्खास्त किए गए ’इनर मणिपुर’ के सांसद ए. बिमल अकोइजम को मणिपुर की तीन प्रमुख चुनावी समितियों में शामिल किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस को "महिला विरोधी" पार्टी करार दिया। वहीं, अमेरिका में रूस के राजदूत अलेक्जेंडर डार्चिएव का बुधवार को 66 वर्ष की आयु में निधन हो गया। रूसी विदेश मंत्रालय ने एक ऑनलाइन बयान जारी कर यह जानकारी दी। पढ़ें- देश व विदेश की अन्य खबरें
आज की ताजा खबर, 12 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: न्यूयॉर्क में तीन मंजिला इमारत ढहने से दो लोगों की मौत; कई मलबे में फंसे...उप्र विधानसभा चुनाव के लिए ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद करेंगे गठबंधन का ऐलान
उप्र विधानसभा चुनाव : ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद करेंगे गठबंधन का ऐलान
दोनों दलों के नेताओं ने गठबंधन की पुष्टि की है। हालांकि, गठबंधन की रूपरेखा और सीटों के बंटवारे को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।
एआईएमआईएम के प्रवक्ता शादाब चौहान ने फोन पर ’पीटीआई-भाषा’ को बताया कि चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाली आजाद समाज पार्टी और ओवैसी की एआईएमआईएम मिलकर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेंगी।
उन्होंने कहा कि गठबंधन और अन्य विवरणों की जानकारी बृहस्पतिवार को दोनों दलों के नेताओं की संयुक्त प्रेसवार्ता में दी जाएगी।
चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी बुधवार को अलग-अलग लखनऊ पहुंचे। गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर आजाद ने कहा, ’’जो भी है, आपके सामने आ जाएगा।’’
आजाद ने कहा कि उनका प्रयास युवाओं, किसानों तथा कमजोर और वंचित वर्गों को मजबूत करना है। आजाद ने कहा कि गरीबों के अधिकारों का हनन रोकने के लिए जो भी जरूरी होगा, वह किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश विधानसभा की 403 सीटों के लिए होने वाले चुनाव में दोनों दल कितनी-कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है। गठबंधन में अन्य छोटे दलों के शामिल होने की संभावना को लेकर भी स्थिति साफ नहीं है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में विपक्षी गठबंधन में एआईएमआईएम को शामिल करने के ओवैसी के प्रस्ताव में दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। ओवैसी ने दोनों दलों को इस संबंध में फैसला लेने के लिए दो अक्टूबर तक का समय दिया था, लेकिन उन्हें कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला।
इसके बाद ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के साथ आने को प्रदेश में तीसरा मोर्चा बनाने की संभावित पहल के रूप में देखा जा रहा है। दोनों दलों की नजर दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं पर है।
मणिपुर चुनाव समितियों में अकोइजम को शामिल करने पर भाजपा ने कांग्रेस को बताया 'महिला विरोधी पार्टी'
इस कदम पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "’लड़की हूं, लड़ सकती हूं...’ और ’पितृसत्ता को खत्म करो’ की हुंकार भरने वाली कांग्रेस का महिला सम्मान के प्रति असली चाल, चरित्र और चेहरा एक बार फिर देश के सामने है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ईरानी ने कहा, "जेएनयू की 11 छात्राओं द्वारा कांग्रेस सांसद बिमल अकोइजम पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए गए, फिर भी उन्हें मणिपुर प्रदेश चुनाव समिति में कांग्रेस ने अहम जिम्मेदारी दी है।
उन्होंने आरोप लगाया, ’’महिला सम्मान पर कांग्रेस की कथनी और करनी में इतना बड़ा अंतर इसलिए है, क्योंकि उनके लिए महिलाओं की गरिमा बस एक चुनावी नारा है।’’
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस को "महिला विरोधी पार्टी" बताते हुए कहा कि ’पितृसत्ता को समाप्त करो’ विपक्षी दल के लिए एक "खोखला नारा" बनकर रह गया है।
भंडारी ने आरोप लगाया, "राहुल गांधी महिलाओं के खिलाफ अपराध के आरोपियों को बढ़ावा देते हैं।"
कांग्रेस ने मणिपुर विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत बुधवार को पांच समितियों का गठन किया, जिनमें से तीन महत्वपूर्ण समितियों में अकोइजम को शामिल किया गया है।
इस कदम को "शर्मनाक" करार देते हुए भाजपा ने अपने आधिकारिक ’एक्स’ हैंडल पर कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जवाबदेही दिखाने के बजाय अकोइजम को "महत्वपूर्ण संगठनात्मक पद" से "पुरस्कृत" किया है।
सत्तारूढ़ दल ने सवाल उठाते हुए कहा, "अक्सर ’पितृसत्ता को खत्म करने’ का ज्ञान देने वाले राहुल गांधी इस मुद्दे पर चुप हैं। क्या कांग्रेस ऐसे गंभीर आरोपों का सामना करने वालों को इनाम देकर इसी तरह पितृसत्ता को खत्म करती है?"
गौरतलब है कि यौन उत्पीड़न संबंधी आरोपों के बीच जेएनयू ने अकोइजम की सेवाएं समाप्त कर दी थीं। हालांकि बाद में दिल्ली उच्च न्यायालय ने उनकी बर्खास्तगी के आदेश पर रोक लगा दी।
अमेरिका में रूस के राजदूत अलेक्जेंडर डार्चिएव का निधन
मंत्रालय ने यह खुलासा नहीं किया कि राजदूत का निधन कहां हुआ या उनकी मौत का कारण क्या था। उसने केवल इतना कहा कि उनका निधन "अचानक" हुआ।
बयान में डार्चिएव को "एक उत्कृष्ट राजनयिक, अनुभवी नेता, अच्छे साथी और मार्गदर्शक" के रूप में वर्णित किया गया, साथ ही उन्हें अमेरिकी मामलों का विशेषज्ञ बताया गया।
वह 2025 की शुरुआत से अमेरिका में रूस के राजदूत थे। उन्होंने अनातोली एंटोनोव का स्थान लिया था, जिन्हें 2024 के उत्तरार्ध में पद से हटा दिया गया था।
कांगो में इस्लामिक स्टेट से जुड़े विद्रोहियों के हमलों में 22 लोगों की मौत
उन्होंने बताया कि ये हमले ’एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेज’ द्वारा देश के पूर्वी इतुरी प्रांत में आठ अलग-अलग जगहों पर किए गए।
ऐसे ही एक संगठन की समन्वयक मैरी-नोएल एनातोबे ने बताया कि कम से कम 22 लोग मारे गए हैं वहीं हमलावरों ने कुछ अन्य लोगों का अपहरण भी कर लिया है। हमलावरों ने कई वाहनों एवं घरों को आग भी लगा दी।
ये हमले सीमा के पास ऐसी जगहों पर हुए, जहां पहुंचना बहुत मुश्किल है।
उत्तराखंड में 10 आईएएस और 20 पीसीएस अधिकारियों के तबादले
इस दौरान कई मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ), अपर जिलाधिकारियों और नगर आयुक्तों के तबादले किए गए।
इस फेरबदल के तहत पर्यटन, पंचायती राज, शहरी विकास और कुंभ मेला प्रशासन से जुड़े विभागों में भी बदलाव किए गए हैं।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की अपर सचिव और पंचायती राज निदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहीं निधि यादव को पंचायती राज निदेशक के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वह कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की अपर सचिव बनी रहेंगी।
देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी के पद पर तैनात भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी अभिनव शाह को पर्यटन विभाग का अपर सचिव और पर्यटन विकास परिषद का अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
पिथौरागढ़ के पूर्व मुख्य विकास अधिकारी दीपक सैनी को देहरादून का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है, जबकि देहरादून स्थित शहरी विकास निदेशालय में अपर निदेशक के पद पर तैनात प्रवीण कुमार को पिथौरागढ़ का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
तैनाती की प्रतीक्षा कर रहीं अनामिका को अल्मोड़ा का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।
ऊधम सिंह नगर में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात रहीं असीमा गोयल को हल्द्वानी नगर निगम की नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
रुड़की में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात दीपक रामचंद्र सेठ को चमोली का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है, जबकि देहरादून में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात राहुल आनंद को उत्तरकाशी का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
न्यूयॉर्क में तीन मंजिला इमारत ढहने से दो लोगों की मौत; कई के मलबे में फंसे होने की आशंका
बुधवार को हुई इस घटना के बाद दमकलकर्मी मलबा हटाकर उसमें फंसे लोगों की तलाश में जुटे रहे।
सूचना मिलने के बाद दमकलकर्मियों को शाम करीब चार बजे ब्रुकलिन के फ्लैटबुश इलाके में स्थित घटनास्थल पर भेजा गया।
एक समाचार चैनल के हेलीकॉप्टर से लिए गए दृश्यों में कई दमकलकर्मी मशीनों का इस्तेमाल कर मलबा हटाते तथा लोगों की तलाश करते दिखाई दिए।
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम चार अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। इसके अलावा, छह लोगों को मामूली चोटें आईं और उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शाम करीब साढ़े छह बजे दमकलकर्मियों ने मलबे से एक व्यक्ति को जीवित बाहर निकाला। वह व्यक्ति हिल-डुल रहा था। उसे तत्काल स्ट्रेचर पर लिटाकर एंबुलेंस से अस्पताल भेज दिया गया।
इमारत से सटे भूखंड पर निर्माण कार्य के लिए एक मंजिला इमारत को गिराया गया था। वहां खुदाई का काम किया जा रहा था।
न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा, ’’बचाव अभियान जारी है। ऐसे में अपने पड़ोसियों और समुदाय के सदस्यों के प्रति संवेदना और सहयोग बनाए रखें।’’
