Bengal Cut Money: कूचबिहार में ग्रामीणों के विरोध का सामना करते हुए एक तृणमूल नेता का वीडियो चर्चा में है। यह शख्स एक सिविक वॉलंटियर के तौर पर भी काम करता है, उसने माथाभांगा में महिलाओं के प्रदर्शन से डरकर एक बिस्तर के नीचे छिपकर जान बचाई। बाद में माथाभांगा पुलिस ने उसे वहां से सुरक्षित निकाल लिया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
सरकारी आवास योजना में कट मनी लिया था
शाहिदुल मियां माथाभांगा ब्लॉक 1 के जोरपतकी ग्राम पंचायत इलाके में रहने वाला एक तृणमूल नेता और सिविक वॉलंटियर पर आरोप लगे थे कि उसने सरकारी आवास योजना के संबंध में कट मनी (cut money) की मांग की थी। इस घटना से पहले, 25 मई को स्थानीय महिलाओं ने शाहिदुल के घर के सामने विरोध प्रदर्शन किया था, और आवास से जुड़ी घूस के तौर पर दी गई रकम वापस करने की मांग की थी।
बुधवार 3 जून को स्थानीय महिलाएं फिर से शाहिदुल के घर पहुंचीं और एक नया विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति की खबर मिलते ही, माथाभांगा पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और शाहिदुल को घर के अंदर बिस्तर के नीचे छिपी जगह से निकालकर सुरक्षित बाहर ले आए। आरोप है कि उसने आवास आवंटन में मदद करने के बहाने लोगों से ₹5,000 से लेकर ₹20,000 तक की रकम वसूली थी।
कुल मिलाकर, आरोपों से पता चलता है कि शाहिदुल ने आवास योजना के नाम पर इलाके से लगभग ₹8 लाख अवैध रूप से जमा किए हैं। पुलिस ने शाहिदुल को हिरासत में ले लिया और उसे माथाभांगा पुलिस स्टेशन ले गई।
अवैध कामों पर कार्रवाई शुरू
पश्चिम बंगाल में जैसे ही टीएमसी सत्ता से बाहर हुई और सरकार उसके नेताओं के अवैध कामों पर कार्रवाई करने लगी, हालात बदलने लगे। कल तक जो टीएमसी के नेता अवैध बसूली करते थे, आज पाई-पाई लौट रहे हैं। जिस तरह से बंगाल में टीएमसी के खिलाफ लोगों का गुस्सा दिख रहा है, उससे उसके नेता खौफ में हैं। कानूनी कार्रवाई के डर और जनता के बढ़ते आक्रोश से घबराकर अब टीएमसी के कुछ स्थानीय नेताओं ने एक नया रास्ता अख्तियार किया है। वे सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से कथित तौर पर वसूली गई 'कट मनी' (कमीशन) को खुद ही जनता को वापस करने लगे हैं।
