देश

Chhattisgarh Encounter: छत्तीसगढ़ में फिर नक्सलियों का हुआ एनकाउंटर, मारे गए 3 माओवादी, हथियार बरामद

Chhattisgarh Encounter: इस साल छत्तीसगढ़ में दर्जनों नक्सली मारे जा चुके हैं। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने अलग-अलग मुठभेड़ों में 192 नक्सलियों को मार गिराया है।

Image

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के साथ पुलिस का एनकाउंटर (फाइल फोटो- एजेंसी)

Chhattisgarh Encounter: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान जारी है। एक के बाद एक नक्सलियों के साथ एनकाउंटर हो रहे हैं और नक्सली मारे जा रहा है। नक्सलियों के साथ ताजा एनकाउंटर बीजापुर में हुआ है, जहां सुरक्षाबलों ने तीन नक्सलियों को मार गिराया है।

बीजापुर में नक्सलियों का एनकाउंटर

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में शुक्रवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि मुठभेड़ की यह घटना जिले के उसूर-बासागुड़ा-पामेड़-तर्रेम क्षेत्र के रेखापल्ली- कोमठपल्ली के जंगल की है। सुंदरराज ने बताया कि जिले के क्षेत्र में नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और केद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कोबरा बटालियन के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया।

भारी मात्रा में हथियार बरामद

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दल जब आज पूर्वाह्र 11 बजे क्षेत्र के रेखापल्ली-कोमठपल्ली के जंगलों में था तब नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि गोलीबारी बंद होने के बाद घटनास्थल से तीन नक्सलियों के शव, एक सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलआर), एक स्नाइपर हथियार, एक 12 बोर बंदूक, दो भरमार बंदूक, हथगोला और स्थानीय रूप से निर्मित हथियार बरामद किए गए।

मारे जा चुके हैं 192 नक्सली

अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गये तीन वर्दीधारी पुरुष नक्सलियों की पहचान करने की कार्यवाही की जा रही है। क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है। सुंदरराज ने बताया कि इस घटना के साथ ही छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने अलग-अलग मुठभेड़ों में 192 नक्सलियों को मार गिराया है।

इससे पहले, चार अक्टूबर को सुरक्षाबलों ने क्षेत्र के नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिलों की सीमा पर स्थित एक जंगल में हुई मुठभेड़ के बाद 31 नक्सलियों के शव बरामद किए थे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article