देश

'कोटा में राजनीतिक रैली नहीं...', राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले 'भरोसेमंद' सचिन पायलट ने क्यों कही ये बात

Rahul Gandhi Kota Dialogue: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने कहा कि प्रमुख परीक्षाओं में गड़बड़ियों ने देशभर के छात्रों और उनके परिवारों को चिंता और परेशानी में डाल दिया है।

Image

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट (फाइल फोटो)

Rahul Gandhi Kota Dialogue: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने देश की वर्तमान परीक्षा प्रणाली की आलोचना करते हुए कहा कि बार-बार हो रही अनियमितताओं ने लाखों विद्यार्थियों को प्रभावित किया है और जनता के भरोसे को कमजोर किया है। साथ ही उन्होंने कोटा में आयोजित हो रहे कार्यक्रम को लेकर एक बात स्पष्ट की कि यह कोई राजनीतिक रैली नहीं है।

सचिन पायलट ने क्या कुछ कहा?

कोटा में पत्रकारों से बातचीत में पायलट ने कहा कि प्रमुख परीक्षाओं में गड़बड़ियों ने देशभर के छात्रों और उनके परिवारों को चिंता और परेशानी में डाल दिया है। उन्होंने नीट पेपर लीक का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे लगभग 22 लाख छात्रों का आत्मविश्वास हिल गया है। पायलट ने आरोप लगाया कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराने के आदेश के बावजूद जवाबदेही तय नहीं हुई और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

पायलट ने कहा, "लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों को परीक्षा प्रणाली की खामियों का खामियाजा भुगतना पड़ा है, जबकि सरकार जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रही है।" पायलट ने कहा कि राहुल गांधी का अभियान युवाओं की भावनाओं से जुड़ने और उनके भविष्य से संबंधित चिंताओं को दूर करने का प्रयास है। गांधी आज कोटा में छात्रों से संवाद करेंगे।

पायलट ने दावा किया कि राजस्थान और अन्य राज्यों के छात्र परीक्षा और परीक्षा परिणाम को लेकर असमंजस की स्थिति में हैं। पायलट ने आरोप लगाया कि गांधी की यात्रा से जुड़े पोस्टर और बैनर स्थानीय प्रशासन ने हटवा दिए और लोगों पर कार्यक्रम में शामिल न होने का दबाव बनाया गया। उन्होंने विश्वास जताया कि बड़ी संख्या में छात्र और युवा इस संवाद में भाग लेंगे। पायलट ने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम राजनीतिक रैली नहीं बल्कि छात्रों के साथ संवाद है, जिसमें उनकी समस्याओं पर चर्चा कर समाधान तलाशा जाएगा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article