TET Paper Leak: TET पेपर लीक मामले मैं विशेष जांच दल की 4 टीमें महाराष्ट्र के बाहर जाकर जांच कर रही है। इसमें एक-एक टीम पश्चिम बंगाल,बिहार, दिल्ली और हरियाणा में है। जानकारी के मुताबिक, इस अंतरराज्यीय पेपर लीक रैकेट की जानकारी ठाणे पुलिस को गुरुवार 25 जून की देर शाम को ही लग गई थी, जिसके बाद पुलिस ने खुद ग्राहक बन इस रैकेट के भंडाफोड़ करने का प्लान बनाया।
ठाणे पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की थी
इस रैकेट का पर्दाफाश करने के लिए ठाणे पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की थी। पुलिस लगातार दो दिनों तक आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। आरोपियों को जाल में फंसाने के लिए पुलिसकर्मी खुद ही ग्राहक बनकर उनके संपर्क में पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों को पेपर के बदले मोटी रकम देने का लालच दिया, जैसे ही आरोपी पेपर बेचने पहुंचे, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
चार आरोपी हवाई जहाज से दिल्ली से ठाणे आए थे
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस सौदे के लिए कुल चार आरोपी हवाई जहाज से दिल्ली से ठाणे आए थे, जिनमें से तीन आरोपी गिरफ्तार हुए फिलहाल पुलिस चौथे आरोपी की तलाश कर रही है। TET पेपर लीक मामले की जांच में पता चला है कि जिन तीन आरोपियों को ठाणे पोलिस ने ट्रैप लगाकर गिरफ्तार किया वो तीनों ऊंचे शिक्षित है।
गिरफ्तार आरोपी राजीव कुमार बीएससी है,तो आकाश कुमार बी कॉम, तो वही तीसरा आरोपी धीरज कुमार बीए पढ़ाई किया हुआ है, यानी तीनों ग्रेजुएट हैं। पुलिस के मुताबिक, राजीव का जमीन खरीद बिक्री का व्यवसाय है, तो धीरज ने केंद्रीय विद्यालय के टीचर भर्ती की परीक्षा दी है लेकिन वह फेल हो गया था।
शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों को झटका
महाराष्ट्र में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों को तब बड़ा झटका लगा जब राज्य सरकार ने 28 जून को आयोजित होने वाली महाराष्ट्र टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) परीक्षा को अचानक स्थगित कर दिया है। यह फैसला ठाणे से प्रश्नपत्र लीक होने की आशंका सामने आने के बाद लिया गया। बता दें कि 27 जून को महाराष्ट्र के ठाणे जिले में TET के पेपर लीक होने की जानकारी मिली। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को अरेस्ट किया है।
इस घटना ने एक बार फिर परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। हाल के वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं के मामले सामने आते रहे हैं, जिससे छात्रों और अभिभावकों की चिंताएं बढ़ी हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार परीक्षा से पहले कुछ ऐसी जानकारियां प्राप्त हुईं, जिनसे प्रश्नपत्र के संभावित लीक होने का संदेह पैदा हुआ। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से विभाग ने एहतियातन परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया। इसके चलते रविवार 28 जून को आयोजित होने वाली टीईटी परीक्षा रद्द कर दी गई।
