देश

अब नीतीश से मिलने पहुंचे तेजस्वी, INDI गठबंधन की बैठक के बाद दिल्ली से पटना तक हलचल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 22, 2023, 04:08 PM IST

Nitish Kumar: तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच करीब 30 से 40 मिनट तक की बातचीत हुई है। दोनों नेताओं के बीच क्या बात हुई, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

Image

नीतीश कुमार से मिले तेजस्वी यादव

Photo : BCCL

Nitish Kumar: इंडिया गठबंधन की दिल्ली में हुई बैठक के बाद बिहार में सत्ताधारी गठबंधन में सरगर्मी तेज हो गई है। इस बीच, बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की है। इससे पहले राहुल गांधी ने भी नीतीश कुमार से फोन पर बातचीत की थी। कहा जा रहा है कि यह सब गठबंधन की बैठक के बाद रूठे नीतीश कुमार को मनाने का प्रयास है।

जानकारी के मुताबिक, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच करीब 30 से 40 मिनट तक की बातचीत हुई है। दोनों नेताओं के बीच क्या बात हुई, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। सूत्रों का मानना है कि दोनों नेताओं के बीच अगले लोकसभा चुनाव को लेकर सीट बंटवारे तथा भाजपा को परास्त करने की रणनीति पर चर्चा हुई। खबर है कि बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई है।

कांग्रेस कर रही मंत्रिमंडल विस्तार की मांग

बिहार में सत्ताधारी गठबंधन में शामिल कांग्रेस लंबे समय से मंत्रिमंडल विस्तार की मांग कर रही है। फिलहाल कांग्रेस के दो ही मंत्री हैं। राहुल गांधी पहले भी इस संबंध में सीएम नीतीश से बात कर चुके हैं। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को फोनकर बात की। कहा जा रहा है कि राहुल गांधी से बात होने के बाद ही तेजस्वी मुख्यमंत्री से मिलने सीएम आवास पहुंचे।

खड़गे के नाम से नाराज हुए थे नीतीश

दरअसल, दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद नीतीश कुमार की नाराजगी की भी खबरें आई थी। कहा गया था कि मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बनाने को लेकर नीतीश नाराज हैं। बाद में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने किसी भी तरह की नाराजगी से इंकार किया था। बता दें, गठबंधन की बैठक के दौरान बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरिवंद केजरीवाल ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम आगे बढ़ाया था। उन्होंने कहा था कि खड़गे देश के पहले दलित मुख्यमंत्री हो सकते हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article