बिहार में सियासी दही-चूड़ा: विजय सिन्हा के न्योते पर पहुंचे तेज प्रताप यादव ने खाया तिलकुट; क्या NDA में होंगे शामिल?
- Reported by: Saket KumarEdited by: शिव शुक्ला
- Updated Jan 13, 2026, 05:44 PM IST
मकर संक्रांति से पहले पटना में डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने पारंपरिक भोज का आयोजन किया, जिसमें बिहार की राजनीति से जुड़े कई प्रमुख नेता शामिल हुए। इस कार्यक्रम में जनशक्ति जनता दल के नेता और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने भी मौजूदगी दर्ज कराई। जिसकी चारों ओर चर्चा हो रही है।
तेज प्रताप यादव और बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा।
बिहार की राजनीति में लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। उनके एनडीए में शामिल होने की अटकलों ने फिर एक बार जो पकड़ लिया है। ऐसा इसलिए क्योंकि मंगलवार को तेज प्रताप यादव डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के न्योते पर आयोजित दही-चूड़ा के भोज में पहुंचे। जिसके बाद बिहार में फिर यह बात शुरू हो गई कि क्या तेज प्रताप जल्द ही एनडीए का हिस्सा बनेंगे।
विजय सिन्हा के दही चूड़ा भोज में पहुंचे तेज प्रताप
दरअसल, मकर संक्रांति से पहले पटना में डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने पारंपरिक भोज का आयोजन किया, जिसमें बिहार की राजनीति से जुड़े कई प्रमुख नेता शामिल हुए। इस कार्यक्रम में जनशक्ति जनता दल के नेता और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने भी मौजूदगी दर्ज कराई। खास बात यह थी कि उन्हें आमंत्रण स्वयं विजय कुमार सिन्हा की ओर से दिया गया था। इस आयोजन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान समेत एनडीए के अनेक वरिष्ठ नेता भी पहुंचे। दही-चूड़ा के पारंपरिक व्यंजन के साथ हुए इस मिलन समारोह को राजनीतिक हलकों में आपसी सद्भाव और संवाद के सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
अभी से मैं यह क्यों बताऊं- भाजपा में शामिल होने की बात पर तेज प्रताप
दही-चूड़ा भोज में पहुंचे लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने इस मौके पर विजय सिन्हा द्वारा दिए गए तिलकुट को खाकर उन्हें मकर संक्रांति की बधाई दी। इतना ही नहीं, तेज प्रताप यादव ने यहां कुछ ऐसा कहा जिसने उनके सियासी भविष्य को लेकर बड़े संकेत दिए हैं। तेज प्रताप ने कहा कि मकर संक्रांति के भोज में नया कुछ हो जाता है मैं अपना धर्म निभाने आया हूं। मैं घूमता-फिरता रहता हूं। वहीं, जब उनसे भाजपा या एनडीए में शामिल होने को लेकर पूछा गया तो तेज प्रताप यादव ने साफ तौर पर मना नहीं किया। उल्टा तेज प्रताप यादव ने कहा अगर भाजपा में शामिल होने की बात होगी तो मैं खुद मीडिया को सूचित करूंगा। इस दौरान मुस्कुराते हुए उन्होंने यह भी कहा कि अभी यह बात मैं क्यों बताऊं।
तेजस्वी यादव पर भी बड़ी बात बोल गए तेज प्रताप
वहीं तेजस्वी प्रसाद यादव को मकर संक्रांति का न्योता देने पर तेज प्रताप यादव ने कहा मैं मकर संक्रांति का भोज दे रहा हूं आज उसका निमंत्रण तेजस्वी को जाकर दूंगा। मेरे मकर संक्रांति के भोज में सभी लोग आएंगे।
एक बिहारी सब पर भारी
वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने तेज प्रताप यादव के साथ दही चुरा का भोज पर कहा हम एक साथ आएंगे तो बिहार को और आगे ले जाएंगे। एक बिहारी सब पर भारी इस भाव को जगाना है
तेज प्रताप यादव कल करेंगे शक्ति प्रदर्शन
बता दें कि तेज प्रताप यादव भी कल यानी 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर 26 M स्ट्रैंड रोड स्थित अपने सरकारी आवास पर दही-चूड़ा भोज कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्होंने सीएम नीतीश कुमार समेत अलग-अलग दलों के नेताओं को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। इस कार्यक्रम को उनके शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।