Tamil Nadu New CM: तमिलनाडु में आज TVK प्रमुख थलापति विजय का शपथ ग्रहण समारोह होना है, लेकिन अब यह रद्द हो सकता है। दरअसल विजय ने अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (AMMK) के एक विधायक का सपोर्ट लेटर राज्यपाल को सौंपा था, जिसे AMMK प्रमुख टी टी वी दिनाकरन ने फर्जी करार कर दिया है। यहां तक कि FIR की बात भी कह दी है।
TVK ने दिया जाली समर्थन पत्र?
टी टी वी दिनाकरन इस मामले को लेकर राज्यपाल से मिले और उन्हें बताया कि उनके विधायक का सपोर्ट लेटर फर्जी है। विजय को सरकार बनाने से रोका जाना चाहिए। चेन्नई के लोक भवन में तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मुलाकात के बाद एएमएमके के महासचिव टीटीवी दिनाकरन ने कहा, "उन्होंने हमारे विधायक का नाम बताकर एक जाली पत्र दिया है। चूंकि हमारा केवल एक ही विधायक है, इसलिए उन्हें लगता है कि वे आसानी से उसे निशाना बनाकर रिश्वत दे सकते हैं। मैंने अपने विधायक से भी इस बारे में बात की और उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने ऐसा कोई पत्र नहीं दिया है।"
TVK का वो सबूत जो खोल रहा सच्चाई की पोल?
दिनाकरन के इन आरोपों के बाद टीवीके भी सबूत लेकर मैदान में उतर गई है। टीवीके ने दिनाकरन के विधायक का वीडियो जारी कर दिया है, जिसमें वो लेटर पर हस्ताक्षर करते दिख रहे हैं। टीवीके ने एएमएमके विधायक कामराज का एक वीडियो साझा करते हुए कहा, "ये वीडियो एएमएमके विधायक कामराज के स्वेच्छा से और खुशी-खुशी तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) के समर्थन में पत्र लिखने के दृश्य हैं। उन्होंने कहा था कि वे एएमएमके महासचिव टी.टी.वी. दिनाकरन की सहमति से तमिलगा वेट्री कज़गम को समर्थन दे रहे हैं। हालांकि, अब यह जानकारी फैलाई जा रही है कि उन्होंने पत्र नहीं लिखा, जो पूरी तरह से झूठी और असत्य है। यह बात सभी के लिए स्पष्ट रूप से समझना आवश्यक है। इन सभी तथ्यों को छुपाते हुए टी.टी.वी. दिनाकरन झूठी खबरें और गलत सूचना फैलाना जारी रखे हुए हैं। जनता को यह समझना चाहिए कि TVK को किसी से सौदेबाजी या समझौता करने की कोई आवश्यकता नहीं है।"
कहां अटक रहा है विजय का मामला?
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी टीवीके के अध्यक्ष चंद्रशेखर जोसफ विजय ने वामपंथी दलों से समर्थन मिलने के बाद शुक्रवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से लोक भवन में मुलाकात की ताकि उनसे सरकार बनाने का निमंत्रण प्राप्त किया जा सके। विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीट मिली है जो बहुमत के लिए जरूरी 118 सदस्यों की संख्या से कम है। नतीजे आने के कुछ घंटों के बाद ही द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के साथ चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस ने विजय को समर्थन देने की घोषणा कर दी थी। पार्टी के सदन में पांच सदस्य निर्वाचित हुए हैं। विजय ने सरकार बनाने की कोशिशों के तहत द्रमुक की सहयोगी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और विदुथालाई चिरुथैगल कच्ची (वीसीके) से संपर्क किया था। तीनों दलों के सदन में दो-दो विधायक हैं। भाकपा और माकपा ने विजय को समर्थन देने की घोषणा कर दी है जबकि वीसीके ने कहा कि वह शनिवार को फैसला लेगी। अभी विजय के पास 108+कांग्रेस के 5+ CPI के 2+ CPIM के 2+ AMMK के 1 यानि कि 118 विधायकों का सपोर्ट हासिल है, जो बुहमत का आंकड़ा है, इसके अलावा 4 और विधायकों का सपोर्ट आज मिल सकता है।
