देश

LPU बवाल : अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज, DIG बोले- SIT भी बनाएंगे, यूनिवर्सिटी ने दावों को बताया झूठा

पुलिस ने कहा कि ये दावे संभवतः किसी गलतफहमी से उपजे थे। वहीं, विश्वविद्यालय ने इन आरोपों को 'झूठा, निराधार और मनगढ़ंत' बताते हुए खारिज कर दिया। फगवाड़ा में सोशल मीडिया और कैंपस में अफवाहें फैलने के बाद करीब 2,000 छात्राएं-छात्र छात्रावास के पास जमा हो गए। प्रदर्शन धीरे-धीरे उग्र हो गया।

Image

पंजाब के एलपीयू में बवाल।

LPU News: पंजाब के लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में शनिवार देर रात हुए बवाल पर पुलिस ने प्रतिक्रिया दी है। पंजाब पुलिस के डीआईजी नवीन सिंगला ने रविवार को कहा कि छात्रों की शिकायत पर हमने FIR दर्ज कर ली है। छात्रों ने शिकायत में कहा है कि तीन दिन पहले एक छात्रा के साथ रेप हुआ था और वह अपने घर जा चुकी है। पीड़िता यूनिवर्सिटी के हॉस्टल नंबर G3 में रहती है लेकिन यह छात्रा कौन है। इसकी जानकारी अभी तक नहीं सामने नहीं आई है। हमने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस पूरे मामले की जांच की जाएगी। डीआईजी ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने की बात कही है।

छात्रा के परिवार से पूछताछ कर रहे-पुलिस

पुलिस अधिकारी ने कहा कि कुछ दिन पहले यूनिवर्सिटी में तेलंगाना की एक छात्रा ने सुसाइड किया था। उसके परिवार से भी हम पूछताछ कर रहे हैं इसके अलावा छात्रों की कुछ अन्य मांगे भी है। इसीलिए हम 12 बजे छात्रों और यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट की मीटिंग भी करवा रहे हैं। बता दें कि LPU में उस समय तनाव फैल गया, जब एक छात्रा के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किए जाने या उसके आत्महत्या करने की अपुष्ट खबरों के बाद छात्रों ने विश्वविद्यालय की संपत्ति में तोड़फोड़ की और इमारत के कुछ हिस्सों में आग लगा दी।

छात्रों ने हाईवे को जाम कर दिया

पुलिस ने कहा कि ये दावे संभवतः किसी गलतफहमी से उपजे थे। वहीं, विश्वविद्यालय ने इन आरोपों को 'झूठा, निराधार और मनगढ़ंत' बताते हुए खारिज कर दिया। फगवाड़ा में सोशल मीडिया और कैंपस में अफवाहें फैलने के बाद करीब 2,000 छात्राएं-छात्र छात्रावास के पास जमा हो गए। प्रदर्शन धीरे-धीरे उग्र हो गया। छात्रों ने हाईवे को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इसके बाद उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में जमकर तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए, ईंटें और गमले फेंके तथा विश्वविद्यालय की कुछ इमारतों के हिस्सों में आग लगा दी।

यूनिवर्सिटी ने दावों को बताया झूठा और मनगढ़ंत

वहीं, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) ने इन दावों को पूरी तरह गलत और मनगढ़ंत बताया है। यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी ने एक बयान जारी कर कहा कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के जरिए झूठी और भ्रामक जानकारी फैला रहे हैं, जिससे छात्रों के बीच अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। यूनिवर्सिटी के मुताबिक, सोशल मीडिया और अन्य चैनलों के जरिए जिस तरह से कथित तौर पर गलत सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, वह विश्वविद्यालय की छवि को नुकसान पहुंचाने की एक सुनियोजित कोशिश प्रतीत होती है।

विद्यार्थियों के हम साथ हैं-वाइस चांसलर

रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में प्रसारित की जा रही अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से अपील की कि वे ऐसी खबरों पर भरोसा न करें और न ही उन्हें आगे प्रसारित या बढ़ावा दें। LPU वाइस चांसलर ने बताया कि LPU किसी को नहीं छोड़ेगा जो एलपीयू के अंदर हुआ उसको लेकर प्रशासन हर तरीके से कार्रवाई करेगा और पुलिस के साथ सहयोग देगा उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के हम साथ हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article