देश

Tamil Nadu-Puducherry Election 2026: तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीखें घोषित,जानें पूरा शेड्यूल और सियासी तस्वीर

दक्षिण भारत की राजनीति में एक बार फिर चुनावी सरगर्मी बढ़ने वाली है। चुनाव आयोग ने तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव का पूरा कार्यक्रम घोषित कर दिया है। तमिलनाडु की 234 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि पुडुचेरी में 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। दोनों जगहों के नतीजे 4 मई को आएंगे।

Image

तमिलनाडु और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव की तारीखें घोषित

चुनाव आयोग ने दक्षिण भारत के अहम राज्य तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का एलान कर दिया है। इसके तहत तमिलनाडु की 234 सीटों और पुडुचेरी की 30 सीटों के लिए मतदान एक ही चरण में कराया जाएगा,जबकि दोनों जगहों के चुनाव नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे। इन चुनावों के साथ ही दक्षिण भारत की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी मुकाबला देखने को मिलेगा।

तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान, 4 मई को नतीजे

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक तमिलनाडु में 23 अप्रैल 2026 को एक चरण में मतदान होगा। राज्य की विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 10 मई 2026 को समाप्त हो रहा है, इसलिए उससे पहले नई विधानसभा का गठन कर लिया जाएगा।

तमिलनाडु चुनाव का पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है-

  • अधिसूचना जारी-30 मार्च 2026
  • नामांकन की अंतिम तिथि - 6 अप्रैल 2026
  • नामांकन पत्रों की जांच - 7 अप्रैल 2026
  • नाम वापस लेने की अंतिम तिथि - 9 अप्रैल 2026
  • मतदान -23 अप्रैल 2026
  • मतगणना - 4 मई 2026

राज्य की 234 विधानसभा सीटों के लिए होने वाले इस चुनाव में बहुमत का आंकड़ा 118 सीटों का है। पिछली बार भी तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में कराए गए थे। 2021 में 6 अप्रैल को मतदान हुआ था और 2 मई को परिणाम घोषित किए गए थे।

दो दिग्गजों के बाद पहली बड़ी सियासी परीक्षा रहा था 2021 का चुनाव

तमिलनाडु का पिछला विधानसभा चुनाव राज्य की राजनीति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना गया था। यह चुनाव दो कद्दावर नेताओं-एआईएडीएमके की जे.जयललिता और डीएमके के एम.करुणानिधि-के निधन के बाद पहली बार हुआ था। उस चुनाव में डीएमके का नेतृत्व करुणानिधि के बेटे एम.के.स्टालिन कर रहे थे, जबकि एआईएडीएमके की कमान ई. पलानीस्वामी के हाथ में थी। 2021 के नतीजों में डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन ने शानदार जीत दर्ज की और राज्य की सत्ता में वापसी की।

2021 के चुनाव परिणाम

  • डीएमके - 133 सीट
  • कांग्रेस - 18 सीट
  • एआईएडीएमके- 66 सीट
  • भाजपा - 4 सीट
  • अन्य - शेष सीटें
डीएमके के नेतृत्व वाले सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस ने कुल 159 सीटें जीतकर एआईएडीएमके के करीब एक दशक लंबे शासन का अंत कर दिया। इसके बाद 7 मई 2021 को एम.के. स्टालिन ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि एआईएडीएमके के नेता ई.पलानीस्वामी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बने।

पुडुचेरी में 9 अप्रैल को वोटिंग

तमिलनाडु के साथ ही केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। यहां 30 सीटों के लिए 9 अप्रैल 2026 को मतदान कराया जाएगा और मतगणना 4 मई को होगी।

पुडुचेरी चुनाव का कार्यक्रम

  • अधिसूचना जारी - 16 मार्च 2026
  • नामांकन की अंतिम तिथि - 23 मार्च 2026
  • नामांकन पत्रों की जांच - 24 मार्च 2026
  • नाम वापस लेने की अंतिम तिथि - 26 मार्च 2026
  • मतदान - 9 अप्रैल 2026
  • मतगणना - 4 मई 2026

पुडुचेरी में 2021 में एनडीए की सरकार बनी

चुनाव आयोग के अनुसार पुडुचेरी में कुल करीब 9.44 लाख मतदाता हैं। यहां की विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 15 जून 2026 को समाप्त हो रहा है। पुडुचेरी में 2021 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने सरकार बनाई थी।

2021 के नतीजे

  • ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) - 10 सीट
  • भाजपा- 6 सीट
  • डीएमके- 6 सीट
  • कांग्रेस - 2 सीट
  • निर्दलीय- 6 सीट

2021 के चुनाव में एनडीए को लगभग 43.6 प्रतिशत वोट मिले थे,जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए गठबंधन को करीब 37.9 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए थे। चुनाव के बाद निर्दलीय विधायकों के समर्थन से एनडीए का संख्याबल बढ़कर 33 सदस्यीय विधानसभा (तीन मनोनीत सदस्यों सहित) में 25 तक पहुंच गया था। इसके बाद एन. रंगास्वामी ने 7 मई 2021 को चौथी बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

दक्षिण भारत में फिर गरमाएगा चुनावी माहौल

तमिलनाडु और पुडुचेरी के चुनाव दक्षिण भारतीय राजनीति की दिशा तय करने वाले माने जा रहे हैं। तमिलनाडु में डीएमके सरकार अपने पांच साल के कामकाज के आधार पर जनता के बीच जाएगी, जबकि एआईएडीएमके और भाजपा गठबंधन सत्ता में वापसी की कोशिश करेगा। वहीं, पुडुचेरी में एनडीए सरकार के सामने अपनी सत्ता बचाने की चुनौती होगी,जबकि विपक्षी दल सरकार बदलने के लिए चुनावी मैदान में उतरेंगे। इन दोनों जगहों के नतीजे 4 मई 2026 को सामने आएंगे, जिनसे दक्षिण भारत की सियासत की अगली तस्वीर साफ होगी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article