Tamil Nadu Ammonia Gas Leak: तमिलनाडु केके तिरुवल्लूर जिले में रविवार को सीफूड एक्सपोर्ट यूनिट में अमोनिया गैस लीक होने की वजह से 7 महिलाओं की मौत हो गई। वहीं, 46 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना पेरियापालयम के पास कन्निगाइपैर स्थित सेंट पीटर्स पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स (St. Peter's Paul Seafoods Exports) इकाई में हुई।
गैस लीक की जानकारी मिलते ही अरक्कोनम स्थित राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की चौथी बटालियन मुख्यालय को अलर्ट किया गया। इसके बाद चेन्नई से 30 NDRF कर्मियों की विशेष टीम मौके पर पहुंची। टीम अपने साथ पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (PPE), गैस डिटेक्शन डिवाइस और विशेष सीबीआरएन (Chemical, Biological, Radiological and Nuclear) रेस्क्यू उपकरण लेकर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने दोनों पीड़ितों के परिवारों को मुख्यमंत्री के सार्वजनिक राहत कोष से ₹2 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे सरकारी खर्च पर शवों को उनके गृह राज्यों तक पहुंचाने और अंतिम संस्कार करने की व्यवस्था करें। मुख्यमंत्री विजय ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया कि सभी घायल कर्मचारियों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा उपचार मिले।
सीएम ने दिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश
इस बीच तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है, जिसमें औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशक, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव और लोक स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक को शामिल किया गया है।
समिति को 24 घंटे के भीतर अंतरिम रिपोर्ट और तीन दिनों के भीतर अंतिम रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री ने राज्य के आईटी मंत्री और तिरुवल्लूर जिले के प्रभारी मंत्री को भी तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मॉनिटरिंग अधिकारी डॉ. के.पी. कार्तिकेयन (IAS) को जिला कलेक्टर और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया है।
इस घटना पर राज्यपाल ने दुख जाहिर की है। तमिलनाडु लोकभवन की तरफ से एक्स पर किए गए पोस्ट में लिखा गया- 'तिरुवल्लूर जिले के पेरियापालयम के पास कनिगईपैर गांव में एक झींगा प्रोसेसिंग फैक्टरी में अमोनिया गैस लीक की दुखद घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। इस घटना में कई लोगों की जान चली गई और कई कर्मचारी घायल हो गए। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि उन्हें इस मुश्किल समय में हिम्मत और हौसला मिले। मैं उन सभी लोगों के जल्द ठीक होने की भी प्रार्थना करता हूं जिनका इलाज चल रहा है और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं'।
