Swatantra Bhardwaj Bail Hearing: जंतर-मंतर पर सीजेपी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई मारपीट के मामले में मुख्य आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज ने अदालत में जमानत के लिए याचिका दाखिल की है। इस अर्जी पर 14 सितंबर को सुनवाई तय की गई है। इस बीच, पटियाला हाउस कोर्ट ने कानून-व्यवस्था की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश करने की इजाजत दी और दिल्ली पुलिस की मांग स्वीकार करते हुए स्वतंत्र भारद्वाज की न्यायिक हिरासत 21 सितंबर तक के लिए बढ़ा दी है।
इसके साथ ही, दिल्ली उच्च न्यायालय से भी स्वतंत्र भारद्वाज को राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका खारिज कर दी। पुलिस का तर्क था कि चूंकि आरोपी को पहले ही कोर्ट द्वारा न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, इसलिए यह याचिका वैधानिक रूप से पोषणीय नहीं है। दूसरी ओर, आरोपी के वकील ने दलील दी थी कि जिस प्राथमिकी (FIR) के आधार पर यह कार्रवाई हुई है, उसे सुप्रीम कोर्ट के आदेश से पहले ही रद्द किया जा चुका है, लिहाजा यह गिरफ्तारी पूरी तरह अवैध है।
पूरा विवाद 23 जून 2026 का है, जब जंतर-मंतर पर सीजेपी का प्रदर्शन चल रहा था। शिकायतकर्ता संजय आजाद अपनी 14 साल की बेटी के साथ वहां मौजूद थे और मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों से कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और आरोप है कि 2-3 लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में किसी ठोस वस्तु या लोहे के कड़े से सिर पर वार किया गया, जिससे पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
इसके बाद सितंबर में एक वायरल पॉडकास्ट क्लिप सामने आया, जिसमें कथित तौर पर हमले की बात स्वीकार की गई थी। वायरल वीडियो के आधार पर दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया था। फिलहाल मामला कोर्ट में है और सभी की नजरें 14 सितंबर को होने वाली जमानत सुनवाई पर टिकी हैं।
