देश

'मिर्जापुर द मूवी' में महाराणा प्रताप के गाने पर भड़की करणी सेना! सरकार और फिल्ममेकर्स को 24 घंटे की मोहलत

‘मिर्जापुर द मूवी’ में महाराणा प्रताप से जुड़े एक गाने को लेकर करणी सेना ने विरोध जताया है। संगठन ने सरकार और फिल्ममेकर्स को कार्रवाई के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

Image

श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना (फाइल फोटो)

श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने फिल्म ‘मिर्जापुर द मूवी’ में महाराणा प्रताप से जुड़े गाने के इस्तेमाल पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में गाली-गलौज और हिंसा को बढ़ावा दिया गया है और ऐसे दृश्यों के बीच महाराणा प्रताप को समर्पित शूरवीर गाने का इस्तेमाल करना पूरे राजपूताना और देश का अपमान है। मकराना ने कहा कि महाराणा प्रताप पूरे देश के लिए शौर्य, सम्मान और स्वाभिमान के प्रतीक हैं, इसलिए उनके नाम और गीत का ऐसे दृश्यों में इस्तेमाल कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने मेकर्स, डायरेक्टर और सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए गाना फिल्म से हटाने की मांग की। मकराना ने कहा कि अगर मांग नहीं मानी गई तो करणी सेना आंदोलन करेगी और सिनेमा हॉल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

'महाराणा प्रताप के मुद्दे के जरिए जनता का ध्यान दूसरे मुद्दों से भटकाने की कोशिश'

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से भी तत्काल कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि महाराणा प्रताप के मुद्दे के जरिए जनता का ध्यान दूसरे मुद्दों से भटकाने की कोशिश की जा रही है।

'सवर्णों को भाजपा के पक्ष में वोट करवाने के लिए इस मुद्दे को उठाया जा रहा है'

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान में नगर निकाय के चुनाव है और सवर्ण समाज ने ugc रोल बैक करवाने के लिए कमल का फूल हमारी भूल का नारा दिया हुआ है ऐसे में सवर्णों को भाजपा के पक्ष में वोट करवाने के लिए इस मुद्दे को उठाया जा रहा है। पहले भी रामजी सुमन द्वारा राणा सांगा को लेकर दिए गए विवादित बयान पर केंद्र के नेताओं द्वारा इस मुद्दे को उठाने के लिए फोन आए थे।

'...तो इस फिल्म को राजस्थान और केंद्र में बैन करें'

अगर भाजपा सच में महाराणा प्रताप के सम्मान की बात करती है तो इस फिल्म को राजस्थान और केंद्र में बैन करें। सिर्फ पत्र लिखकर माईलेज ना लें। अगर 24 घंटे में गाना नहीं हटाया गया तो चाहे गुड्डू भैया हो या कालीन भैया। सभी को कालीन पर लेटाकर लंबा कर देंगे। हमारे महापुरुषों का अपमान हम बिल्कुल स्वीकार नहीं करेंगे।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article