क्रिकेट

BRICS समिट की वजह से टल सकता है भारत-अफगानिस्तान पहला टी20 मुकाबला, दिल्ली पुलिस ने DDCA को लिखा पत्र

भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाला तीन मैच की टी20 सीरीज का पहला मैच ब्रिक्स समिट की वजह से टल सकता है। इस संबंध में दिल्ली पुलिस ने डीडीसीए को पत्र लिखा है।

Image

भारत बनाम अफगानिस्तान (फोटो क्रेडिट AI Generated)

नई दिल्ली: दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले BRICS समिट के चलते अरुण जेटली स्टेडियम में 13 सितंबर को प्रस्तावित भारत-अफगानिस्तान T20 इंटरनेशनल मैच की तारीख बदलने की मांग की गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सेंट्रल रेंज के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस ने दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) को पत्र लिखकर मैच को किसी दूसरी तारीख पर कराने का अनुरोध किया है।

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, BRICS समिट के दौरान बड़ी संख्या में विदेशी प्रतिनिधि, वीआईपी और दूसरे गणमान्य लोग दिल्ली पहुंचेंगे। इनकी आवाजाही के लिए बड़े स्तर पर ट्रैफिक इंतजाम करने होंगे। इसमें VIP और VVIP रूट, ट्रैफिक डायवर्जन, रूट क्लियरेंस और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती शामिल है।

मैच में 25 से 35 हजार दर्शकों के पहुंचने का अनुमान

दूसरी तरफ, 13 सितंबर को होने वाले भारत-अफगानिस्तान मैच में करीब 25 हजार से 35 हजार दर्शकों के पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में स्टेडियम के आसपास पहले से ही ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ने की आशंका है। ट्रैफिक पुलिस ने अपने पत्र में बताया है कि अरुण जेटली स्टेडियम, डीडीयू मार्ग, बीएसजेड मार्ग, मिंटो रोड, करोल बाग मार्केट और आसपास की सड़कों पर मैच के दौरान भारी वाहन और पैदल आवाजाही रहती है। इसके अलावा BSZ मार्ग, माता सुंदरी कॉलेज, राजघाट और बाल भवन के आसपास मैच से जुड़ी पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था के कारण सड़कों पर उपलब्ध जगह भी कम हो सकती है।

DP to DDCA

DP to DDCA

एक साथ दो बड़े इंतजाम से पुलिस पर पड़ेगा दबाव

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि BRICS समिट के कारण दिल्ली ट्रैफिक पुलिस पहले ही बड़े स्तर पर तैनात रहेगी। विदेशी मेहमानों और VVIP मूवमेंट के लिए रूट क्लियरेंस, ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था करनी होगी। ऐसे में उसी दिन क्रिकेट मैच होने पर अतिरिक्त भीड़ और वाहनों को संभालने के लिए पुलिस बल पर काफी दबाव पड़ेगा। ट्रैफिक पुलिस के सामने पार्किंग, भीड़ नियंत्रण, इमरजेंसी रास्ता खुला रखने और VVIP रूट को क्लियर रखने जैसी कई चुनौतियां एक साथ आ सकती हैं।

समिट खत्म होने के बाद मैच कराने का सुझाव

इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने DDCA से 13 सितंबर को प्रस्तावित मैच को BRICS समिट और उससे जुड़े ट्रैफिक इंतजाम पूरे होने के बाद किसी उपयुक्त तारीख पर कराने पर विचार करने को कहा है। पुलिस का कहना है कि इससे संसाधनों की बेहतर तरीके से तैनाती हो सकेगी और विदेशी प्रतिनिधियों, VVIP के साथ-साथ आम जनता की आवाजाही भी सुचारू और सुरक्षित रखी जा सकेगी। फिलहाल यह दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से DDCA को की गई तारीख बदलने की मांग है। मैच की नई तारीख पर अंतिम फैसला DDCA और संबंधित क्रिकेट अधिकारियों को करना होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article