देश

ओडिशा में बड़ा हादसा! सेप्टिक टैंक के अंदर घुसे 6 लोगों की दम घुटने से मौत, Odisha CM ने किया मुआवजे का ऐलान

ओडिशा में सेप्टिक टैंक में दम घुटने से 6 लोगों की मौत हो गई है। एक अन्य की स्थिति गंभीर है। घटना कालाहांडी जिले की है। ओडिशा सीएम (Odisha CM) मोहन चरण माझी ने मुआवजे की घोषणा की है।

Image

ओडिशा में सैप्टिक टैंक में दम घुटने से 6 की मौत (AI फोटो)

ओडिशा (Odisha) के कालाहांडी जिले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। सेप्टिक टैंक के निर्माण के दौरान उसके अंदर गए कम से कम छह लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि मदनपुर-रामपुर पुलिस थाना क्षेत्र के करियाखुंटा गांव में हुई इस घटना में एक व्यक्ति बीमार भी पड़ गया। उन्होंने बताया कि वे सेप्टिक टैंक के अंदर निर्माण कार्य में शामिल थे।

मुआवजे की घोषणा

ओडिशा मुख्यमंत्री (Odisha CM) मोहन चरण माझी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने कहा, ‘‘कालाहांडी जिले के मदनपुर-रामपुर में एक निर्माण स्थल पर हुए दुखद हादसे की जानकारी मिली। इस घटना में छह लोगों की जान चली गई। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।’’ सीएमओ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की है।’’

कैसे हुआ हादसा?

स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब कुछ मजदूर हाल ही में बने शौचालय के टैंक के भीतर लगी सेंटरिंग हटाने के लिए नीचे उतरे थे। टैंक के अंदर जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी हालत बिगड़ गई और वे अचेत होकर वहीं गिर पड़े। बताया जा रहा है कि अंदर फंसे मजदूरों को बचाने के लिए अन्य लोग भी एक-एक कर टैंक में उतरते गए, लेकिन दम घुटने की वजह से वे भी बेहोश हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले छह की मौत

सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को टैंक से बाहर निकाला गया और तुरंत मदनपुर रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article