तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पाटनचेरु थाना क्षेत्र के पेड्डाकंजरला गांव में झील में डूबने से छह छात्रों की मौत होने की सूचना है। तेलंगाना में बुधवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। यहां के संगारेड्डी के पेड्डा कंजरला गांव में झील में गिरने से छह छात्रों की डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसा तब हुआ जब वे गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए गए हुए थे।
पुलिस ने बताया कि चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित हॉस्टल में रहने वाले आठ छात्र गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए झील पर गए थे। इसी दौरान सभी पानी में गिर गए। इनमें से दो छात्र किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे,जबकि छह अन्य डूब गए।
पुलिस ने जताई हादसे की ये वजह
पुलिस ने संभावना जताई है कि हादसा झील के किनारे की मिट्टी ढीली होने के कारण हुआ। घटनास्थल के पास मौजूद एक पुलिस कांस्टेबल ने छात्रों को बचाने की कोशिश की और उन्हें सीपीआर भी दिया,लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। पुलिस अधिकारी के अनुसार, झील एक सुनसान स्थान पर थी और उस समय वहां कोई बड़ा व्यक्ति मौजूद नहीं था, जो बच्चों को बचाने के लिए तुरंत मदद कर पाता।
राज्यपाल और सीएम ने जताया हादसे पर दुख
इस हादसे पर तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी समेत कई नेताओं ने दुख जताया है। साथ राज्यपाल ने श्रद्धालुओं से जुलूस और प्रतिमा विसर्जन के दौरान सावधानी बरतने की अपील की। वहीं, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को प्रतिमा विसर्जन के दौरान उचित सुरक्षा और एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने मृत छात्रों के परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश जारी किए हैं।
