देश

कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ मंत्री की टिप्पणी की जांच के लिए गठित SIT में कौन हैं तीन मेंबर्स?

मध्य प्रदेश पुलिस ने कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ राज्य मंत्री विजय शाह की टिप्पणी की जांच के लिए गठित की एसआईटी, जानें कौन हैं तीन SIT सदस्य।

Image

कर्नल सोफिया कुरैशी (फाइल फोटो)

मध्य प्रदेश पुलिस ने उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुपालन में कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ राज्य के मंत्री विजय शाह की टिप्पणी की जांच के लिए सोमवार देर रात तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया।विशेष जांच दल (SIT) में पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा, उप महानिरीक्षक कल्याण चक्रवर्ती और पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह शामिल हैं।

उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को कर्नल कुरैशी पर की गई 'अभद्र' टिप्पणी के लिए विजय शाह को फटकार लगाई और उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी से जुड़े मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन करने का निर्देश दिया।

शीर्ष अदालत ने मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को मंगलवार सुबह 10 बजे तक आईजी रैंक के अधिकारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय एसआईटी गठित करने को कहा, जिसमें एक महिला अधिकारी भी शामिल हो, जो मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश के बाद दर्ज प्राथमिकी से जुड़े मामले की जांच करेगी।

मंत्री ने अपनी टिप्पणी के लिए प्राथमिकी दर्ज करने के उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ शीर्ष अदालत में याचिका दायर की थी। सुनवाई के दौरान पीठ ने कहा कि वह एक सार्वजनिक व्यक्ति और अनुभवी राजनेता हैं और इसलिए उनके शब्दों में कुछ वजन होना चाहिए।

एसआईटी के सदस्य कौन हैं

मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा गठित एसआईटी में पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा, उप महानिरीक्षक कल्याण चक्रवर्ती और पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह शामिल हैं। मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाना ने एसआईटी के लिए आदेश जारी करते हुए निर्देश दिया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

एसआईटी में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रमोद वर्मा जो सागर रेंज के महानिरीक्षक (आईजी) हैं, कल्याण चक्रवर्ती एसएएफ भोपाल में उप महानिरीक्षक (डीआईजी) हैं और वाहिनी सिंह जो डिंडोरी पुलिस अधीक्षक हैं उनको नियुक्त किया गया है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article