देश

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार सिख श्रद्धालुओं को पाकिस्तान जाने की मिली मंजूरी, 22 अक्टूबर तक करना होगा आवेदन

केंद्र सरकार ने पंजाब के सिख जत्थों को श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के मौके पर पाकिस्तान जाने की मंजूरी दे दी है। हर साल बड़ी तादाद में सिख जत्थे पाकिस्तान के श्री ननकाना साहिब और श्री करतारपुर साहिब गुरुद्वारे में दर्शन के लिए जाते हैं।

Image

श्री ननकाना साहिब (फाइल फोटो)

Prakash Parv: केंद्र सरकार ने पंजाब के सिख जत्थों को श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के मौके पर पाकिस्तान जाने की मंजूरी दे दी है। हर साल बड़ी तादाद में सिख जत्थे पाकिस्तान के श्री ननकाना साहिब और श्री करतारपुर साहिब गुरुद्वारे में दर्शन के लिए जाते हैं, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के बाद केंद्र सरकार ने सिख जत्थों को पाकिस्तान जाने की मंजूरी नहीं दी थी। इसको लेकर सिख संगठनों और पंजाब के सियासी दलों में भी काफी नाराजगी थी।

सिख संगठनों ने केंद्र को लिखा था पत्र

एसजीपीसी की तरफ से कहा गया था कि जब भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच हो सकता है तो फिर पंजाब के श्रद्धालु पाकिस्तान क्यों नहीं जा सकते हैं। इसके बाद सिख संगठनों ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर इस फैसले की दोबारा समीक्षा करने की मांग की थी और आप केंद्र सरकार ने इस फैसले को पलटते हुए सिख जाटों को पाकिस्तान जाने की अनुमति दे दी है।

लेकिन इस बार अनुमति के नियम कड़े किए गए हैं केंद्र सरकार की तरफ से इस बार कुछ चयनित जत्थों को ही अनुमति दी जाएगी और इसके लिए राज्य सरकार को सिफारिश करनी पड़ेगी।

पंजाब से सिख जत्थे अटारी बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान जाएंगे और वहां से श्री गुरु नानक देव से जुड़े गुरुद्वारों श्री करतार पुर साहिब और श्री ननकाना साहिब जाकर मत्था टेकेंगे। हर साल श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश, बैसाखी और गुरु अर्जन देव के शहादत दिवस के मौके पर सिर्फ पाकिस्तान जाते हैं।

मनजिंदर सिंह सिरसा ने केंद्र को कहा शुक्रिया

दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सिख जत्थों का अनुमति देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से रिश्ते खराब होने के बावजूद यह मंजूरी दी गई है इसलिए मैं सरकार का धन्यवाद करता हूं। 22 अक्टूबर से पहले राज्य सरकार को सभी आवेदन जमा करने होंगे। मैं सभी सिख संगठनों से अपील करता हूं कि जल्द से जल्द प्रक्रिया को पूरी करें ताकि सभी लोगों की वेरिफिकेशन होकर गृह मंत्रालय को भेजा जा सके।

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संत सींचेवाल ने पाकिस्तान स्तिथ ननकाना सहिब जाने की अनुमति के केंद्र के फैसले का स्वागत किया है।सींचेवाल ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है हम इस पर केंद्र सरकार का धन्यवाद करते हैं। धार्मिक लोगों के लिए पाबंदी नहीं लगनी चाहिए, उनको रोकना चाहिए जो समाज के विरोधी तत्व हैं। उन्होंने कहा कि गलत लोग नहीं रुक रहे हैं, जबकि धार्मिक लोगों को रोकने से बहुत बड़ी चोट लगती है अब इसे बहाल किया है, यह खुशी की बात है।

कांग्रेस ने भी फैसले का किया स्वागत

वहीं पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह राजा वडिंग ने भी फैसले का स्वागत किया और कहा कि केंद्र को पहले ही मंजूरी दे देनी चाहिए थी। यह सिख भावनाओं से जुड़ा हुआ मामला है। जत्थों की सुरक्षा को लेकर वडिंग ने कहा कि सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की ही है। पाकिस्तान जाने वाले जत्थे सुरक्षित तरीके से पाकिस्तान जाएं, यह भी केंद्र को सुनिश्चित करना होगा।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article