देश

सरकार का निर्देश- विज्ञापन के दावे प्रमुखता से दिखाएं, हैशटैग या लिंक से काम नहीं चलेगा

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Feb 27, 2023, 06:18 PM IST

सरकार ने साफ कहा कि तस्वीरों में विज्ञापन के दौरान ये सूचनाएं तस्वीर के ऊपर स्पष्ट दिखनी चाहिए और वीडियो में विज्ञापन के दौरान ये सूचनाएं वीडियो-ऑडियो दोनों माध्यमों से दी जानी चाहिए।

Image

सरकार का निर्देश- विज्ञापन के दावे प्रमुखता से दिखाएं

Photo : iStock

केंद्र सरकार ने कहा है कि उपभोक्ताओं के हितों को देखते हुए विज्ञापनों में दी गई सूचनाओं या दावों (डिस्क्लोजर) को प्रमुखता से दिखाना चाहिए, न कि हैशटैग या लिंक के रूप में। उपभोक्ता मामलों के सचिव रोहित कुमार सिंह ने सोमवार को मुंबई में भारतीय विज्ञापन मानक परिषद (एएससीआई) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को वर्चुअल तरीके से संबोधित करते हुए सोशल मीडिया विज्ञापन को जिम्मेदारी से संचालित करने के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज देश में सोशल मीडिया उपयोगकर्ता 50 करोड़ से ज्यादा हैं, ऐसे में विज्ञापनों को जिम्मेदारी के साथ दर्शाया जाना चाहिए।

हैशटैग और लिंक में न रखें जानकारी

उन्होंने कहा कि प्रभावशाली और लोकप्रिय व्यक्तियों को विज्ञापनदाताओं से संबंधित हर उस तथ्य का खुलासा करने की जरूरत है, जिससे उनके प्रस्तुतीकरण की साख प्रभावित होने की संभावना है। सिंह ने कहा कि ये सूचनाएं ऐसे दी जानी चाहिए कि उपभोक्ता इन्हें नजरंदाज न कर पाएं और इन्हें कई हैशटैग और लिंक के बीच में नहीं रखना चाहिए।

सूचनाएं तस्वीर के ऊपर स्पष्ट दिखनी चाहिए

सिंह ने कहा कि तस्वीरों में विज्ञापन के दौरान ये सूचनाएं तस्वीर के ऊपर स्पष्ट दिखनी चाहिए और वीडियो में विज्ञापन के दौरान ये सूचनाएं वीडियो-ऑडियो दोनों माध्यमों से दी जानी चाहिए। सजीव प्रसारण के दौरान सूचनाएं लगातार और उचित स्थान पर लगाकर दी जानी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सुनिश्चित करना विनिर्माताओं, सेवा प्रदाताओं, विज्ञापनदाताओं और विज्ञापन एजेंसियों की जिम्मेदारी है कि उनके विज्ञापन से उपभोक्ता भ्रमित न हों।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article