Rajya Sabha Elections: शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ने आगामी राज्यसभा चुनावों के संबंध में पार्टी नेता आदित्य ठाकरे की टिप्पणी का समर्थन किया और कहा कि विपक्षी महा विकास आघाडी (MVA) में सबसे बड़े घटक के रूप में उनकी पार्टी का महाराष्ट्र से गठबंधन की एकमात्र जीतने योग्य सीट पर 'पहला अधिकार' है।
किस-किसका कार्यकाल हो रहा समाप्त?
अप्रैल में, राकांपा (शप) प्रमुख शरद पवार, शिवसेना (उबाठा) नेता प्रियंका चतुर्वेदी, राकांपा (शप) की फौजिया खान, आरपीआई (आठवले) के रामदास आठवले, भाजपा के भागवत कराड, कांग्रेस की रजनी पाटिल और राकांपा के धैर्यशील पाटिल का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।
MVA से कौन होगा उम्मीदवार
विपक्षी गठबंधन एमवीए अपनी संख्या के कारण संभावित रूप से एक उम्मीदवार को संसद के उच्च सदन में भेज सकता है। इस सप्ताह की शुरुआत में, आदित्य ठाकरे संसद के उच्च सदन में एमवीए की एकमात्र जीतने योग्य सीट पर अपनी पार्टी का दावा पेश करते दिखे। उन्होंने कहा था कि विधानसभा में संख्या को ध्यान में रखते हुए, राज्यसभा सीट उनकी पार्टी की है, और एमवीए में उस दिशा में बातचीत निश्चित रूप से होगी।
सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी
राउत ने मुंबई में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पार्टी के रुख में 'जरा भी विरोधाभास' नहीं है। उन्होंने कहा कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) 20 विधायकों के साथ विपक्ष में सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने कहा, ''आदित्य ठाकरे ने जो कहा, उसमें कुछ भी गलत नहीं है। हम 20 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी हैं। कांग्रेस के 16 और राकांपा (शरदचंद्र पवार) के 10 विधायक हैं। इसलिए, जो भी राज्यसभा के लिए चुना जाएगा, वह एमवीए के उम्मीदवार के रूप में जाएगा। सबसे बड़ी पार्टी के रूप में, शिवसेना (उबाठा) का पहला अधिकार है।''
कब होगा राज्यसभा चुनाव
निर्वाचन आयोग 16 मार्च को सात राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना 26 फरवरी को जारी करने जा रहा है। सत्तारूढ़ 'महायुति' गठबंधन के 232 विधायक हैं और वह संभावित रूप से छह सीट जीत सकता है। 'महायुति' में भाजपा, शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) शामिल हैं।
