शहर

राज्यसभा सीट को लेकर MVA में रार! संजय राउत बोले- मतभेद होना स्वाभाविक, चर्चा के जरिए तय करेंगे प्रत्याशी

Rajya Sabha Elections: शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र की रिक्त होने वाली राज्यसभा सीट पर होने वाले चुनाव में विपक्षी महा विकास आघाडी (MVA) विचार-विमर्श कर अपने उम्मीदवार का फैसला करेगा।

Image

शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत (फाइल फोटो)

Rajya Sabha Elections: शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र की रिक्त होने वाली राज्यसभा सीट पर होने वाले चुनाव में विपक्षी महा विकास आघाडी (MVA) विचार-विमर्श कर अपने उम्मीदवार का फैसला करेगा। महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीट के लिए 16 मार्च को मतदान होगा लेकिन विधानसभा में संख्याबल के अनुसार एमवीए केवल एक सीट पर जीत दर्ज कर सकती है। राउत का यह बयान उनकी पार्टी की ओर से राज्यसभा सीट पर दावा किये जाने के एक दिन बाद आया है।

कांग्रेस ने रखी ये मांग

एमवीए की घटक कांग्रेस ने कहा है कि उसे या तो राज्यसभा की सीट या विधान परिषद की सीट मिलनी चाहिए। राउत ने मुंबई में संवाददाताओं से बातचीत में एमवीए के घटकों शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के बीच इस मुद्दे को लेकर मतभेदों की खबरों को खारिज किया।

संजय राउत ने क्या कुछ कहा?

उन्होंने कहा, ''शुरुआती मतभेद होना स्वाभाविक है। आखिर यह राजनीति है। लेकिन हम विचार-विमर्श के बाद ही निर्णय लेंगे। कांग्रेस का निर्णय दिल्ली में लिया जाता है, जबकि हमारा और राकांपा (शप) का निर्णय मुंबई में लिया जाता है। शरद पवार की भविष्य की योजनाओं पर बहुत कुछ निर्भर करेगा। वह पांच दशकों से अधिक के विधायी अनुभव वाले सबसे वरिष्ठ नेता हैं, जबकि उद्धव ठाकरे पूर्व मुख्यमंत्री एवं एक राजनीतिक दल के प्रमुख हैं।''

आदित्य ठाकरे ने राज्यसभा सीट पर जताया दावा

शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने गुरुवार को राज्य विधानसभा में अपनी संख्या का हवाला देते हुए आगामी राज्यसभा और महाराष्ट्र विधान परिषद चुनावों में एमवीए द्वारा जीती जा सकने वाली सीटों पर एक तरह से अपनी पार्टी का दावा ठोक दिया।

आदित्य ठाकरे ने कहा कि राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों के संबंध में एमवीए के साझेदारों कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और राकांपा (शप) के बीच कोई औपचारिक चर्चा नहीं हुई है। ठाकरे ने कहा, ''अगर आप आंकड़ों को देखें तो (राज्यसभा चुनाव की) यह सीट शिवसेना (यूबीटी) की है और एमवीए में निश्चित रूप से इस दिशा में बातचीत होगी।''

राज्यसभा सदस्य के रूप में शरद पवार का और महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य के रूप में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे का कार्यकाल क्रमशः अप्रैल और मई में समाप्त हो रहा है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article