महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव दिलचस्प हो गया है। अभी तक माना जा रहा था कि इस सीट पर होने वाले उपचुनाव में सुनेत्रा पवार निर्विरोध विजयी हो जाएंगी, लेकिन जैसा कि कांग्रेस ने उपचुनाव में अधिवक्ता आकाश विजयराव मोरे को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। ये सीट महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन के कारण खाली हुई है।
कौन हैं आकाश मोरे
आकाश मोरे महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव हैं। उनके पिता, विजयराव मोरे, महाराष्ट्र विधान परिषद (एमएलसी) के सदस्य थे। वे धनगर समुदाय से आते हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि वे सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं, वर्तमान में राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार भी सोमवार को ही अपना नामांकन दाखिल करेंगी।
इस बीच, सुनेत्रा पवार ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल को फोन कर बारामती सीट पर निर्विरोध चुनाव कराने की अपील की। इससे एक दिन पहले उन्होंने उद्धव ठाकरे से भी समर्थन मांगा था। बता दें कि इससे पहले विपक्षी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद गुट) (NCP-SP) पहले ही घोषणा कर चुका है कि वह इस उपचुनाव में हिस्सा नहीं लेगा। यह फैसला दिवंगत नेता अजित पवार के सम्मान में लिया गया है।
अजित पवार के निधन के कारण खाली हुई है बारामती सीट
बता दें कि बारामती विधानसभा सीट महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में निधन के कारण खाली हुई है। जिसको भरने के लिए यह उपचुनाव कराया जा रहा है। पुणे जिले की इस सीट से उन्होंने आठ बार जीत हासिल की थी,जिनमें कई बार रिकॉर्ड मतों से विजय मिली थी। 2019 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने 1.65 लाख वोटों के भारी अंतर से सीट जीती थी। वहीं,2024 में उन्होंने अपने भतीजे युगेंद्र पवार को 1 लाख से अधिक वोटों के अंतर से हराकर सीट बरकरार रखी। बारामती उपचुनाव के लिए मतदान 23 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।
