शहर

भारत-अफगानिस्तान T20 मैच के लिए आया ट्रैफिक प्लान, स्टेडियम के पास बंद रहेंगे ये रास्ते; डायवर्जन रहेगा लागू

India Afghanistan T20 Match : अरुण जेटली स्टेडियम में प्रस्तावित भारत-अफगानिस्तान टी-20 मैच के लिए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 13 सितंबर दोपहर दो बजे से मैदान के आसपास कई रास्तों पर वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी और कई रास्तों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

Image

भारत-अफगानिस्तान T20 मैच के लिए आया ट्रैफिक प्लान

India Afghanistan T20 Match : भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टी-20 मैच होना है। मैच के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए एडवाइजरी जारी की है। खासकर, स्टेडियम के आसपास वाले रास्तों पर दोपहर दो बजे से ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा और कुछ सड़कों पर आम वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यह एडवाइजरी तब आई जब ब्रिक्स सम्मेलन के लिए पहले ही लुटिंयस दिल्ली में करीब 20 से अधिक सड़कों पर आम लोगों की आवाजाही बंद है और रूट डायवर्जन लागू हैं।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 'एक्स' पर पोस्ट कर बताया है कि 13 सितंबर रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट टीम और अफगानिस्तान क्रिकेट टीमें तीन टी-20 मैचों की सीरीज का पहला मैच खेलेंगी। ऐसे में भारी संख्या में क्रिकेट प्रशंसक मैच देखने पहुंचेंगे। लिहाजा किसी प्रकार की यातायात से समस्या से बचने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन किए जाएंगे। पुलिस ने अपील की है कि मैच के दौरान संबंधित क्षेत्रों पर जाने से बचें। इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने की ये अपील

पीटीआई/भाषा के हवाले से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मैच देखने आने वाले दर्शकों से यह भी अपील की है कि वे केवल तय एंट्री पॉइंट्स, पार्किंग एरिया और ऐप-बेस्ड टैक्सी पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ पॉइंट्स का ही इस्तेमाल करें।ऑफिशयल सोशल मीडिया हैंडल के जरिए रियल टाइम ट्रैफिक अपडेट लेते रहें।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि मैच के दौरान स्टेडियम के आसपास वाहनों की संख्या में इजाफा देखने को मिल सकता है। लिहाजा वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए कहा गया है। किसी प्रकार की समस्या से बचाव के लिए संबंधित प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों से सहयोग ले सकते हैं और जाम से बचने के लिए ट्रैफिक संकेतकों को ध्यान में रख कर आगे बढ़ें। साथ ही वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और मैच के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्रों की ओर जाने से बचें।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी-20 मैच का समय शाम 7 बजे से निर्धारित है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article