पाकिस्तानी यू-ट्यूब चैनलों पर पाबंदी
Pakistani YouTubers Channels Banned: पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर भारत सरकार ने कई पाकिस्तानी यू-ट्यूब चैनलों पर बैन लगा दिया है। राष्ट्रीय सुरक्षा या सार्वजनिक व्यवस्था से संबंधित सरकार के आदेश के बाद पाकिस्तान के कई यू-ट्यूब चैनल अब भारत में नहीं दिखेंगे। सरकार के फैसले के बाद भारत में अब कई पाकिस्तानी यूट्यूबर्स चैनल जैसे आरजू काजमी, एआरवाई न्यूज, शोएब अख्तर के चैनल नहीं दिखेंगे। इसके अलावा सरकार ने आतंकवादियों को ‘चरमपंथी’ बताने वाली बीबीसी की रिपोर्ट पर उसे औपचारिक पत्र भी भेजा है।
गृह मंत्रालय की सिफारिशों पर भारत सरकार ने जम्मू और कश्मीर में पहलगाम आतंकवादी घटना की पृष्ठभूमि में भारत, उसकी सेना और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ भड़काऊ और सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील सामग्री, झूठे और भ्रामक जानकारी और गलत सूचना प्रसारित करने के लिए कई पाकिस्तानी YouTube चैनलों पर प्रतिबंध लगा दिया है।
कुल 16 यू-ट्यूब चैनल पर पाबंदी लगाई गई है जिनमें डॉन न्यूज, इरशाद भट्टी, समा टीवी, एआरवाई न्यूज, बोल न्यूज, रफ्तार, द पाकिस्तान रेफरेंस, जियो न्यूज, समा स्पोर्ट्स, जीएनएन, उजैर क्रिकेट, उमर चीमा एक्सक्लूसिव, अस्मा शिराजी, मुनीब फारूक, सुनो न्यूज एचडी, राजी नामा शामिल हैं।
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने 26 लोगों की हत्या कर दी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे, जो 2019 में पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे घातक हमला था। प्रतिबंधित पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा आतंकवादी समूह के एक छाया संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने हमले की जिम्मेदारी ली। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी किए गए स्केच के अनुसार माना जा रहा है कि हमले में तीन लोग शामिल हैं - जिनकी पहचान पाकिस्तानी के रूप में की गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।