देश

अमित जोगी को झटका, 2003 के मर्डर केस में HC ने ठहराया दोषी, 3 सप्ताह में करना होगा सरेंडर

उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के बाद उच्च न्यायालय ने पिछले महीने इस मामले में फिर से सुनवाई शुरू की थी। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायाजलय ने बृहस्पतिवार को पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी को 2003 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता रामावतार जग्गी की हत्या के मामले में दोषी ठहराया।

Image

छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम अजित जोगी के बेटे हैं अमित जोगी।

Photo : PTI

Amit Jogi News: छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट से पूर्व विधायक अमित जोगी से तगड़ा झटका लगा है। हाई कोर्ट ने हत्या के मामले में निचली अदालत के फैसले को पलटते हुए उन्हें दोषी करार दिया। कोर्ट ने राज्य के पूर्व सीएम अजित जोगी के बेटे को सरेंडर करने के लिए तीन सप्ताह का समय दिया है। निचली अदालत ने अमित जोगी को उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों से बरी कर दिया था। हाई कोर्ट ने जोगी को, 2003 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता रामावतार जग्गी की हत्या के मामले में दोषी ठहराया।

पिछले महीने इस मामले में फिर से सुनवाई शुरू

उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के बाद उच्च न्यायालय ने पिछले महीने इस मामले में फिर से सुनवाई शुरू की थी। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायाजलय ने बृहस्पतिवार को पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी को 2003 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता रामावतार जग्गी की हत्या के मामले में दोषी ठहराया और उन्हें तीन सप्ताह के भीतर अदालत के सामने आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया। सीबीआई के अधिवक्ता ने यह जानकारी दी। उच्च न्यायालय ने पिछले महीने उच्चतम न्यायलय के निर्देशों के बाद इस मामले में कार्यवाही फिर से शुरू की थी।

अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अधिवक्ता वैभव ए गोवर्धन ने 'पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति अरविंद कुमार वर्मा की खंडपीठ ने बृहस्पतिवार को अमित जोगी को बरी किए जाने के फैसले को रद्द करते हुए मामले में उन्हें दोषी ठहराया और अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश जारी किया। उच्च न्यायालय के आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए अमित जोगी ने कहा कि उनके साथ अन्याय हुआ है क्योंकि जिस व्यक्ति को पहले एक अदालत ने बरी कर दिया था उसे अब सुनवाई का एक भी मौका दिए बिना ही दोषी ठहरा दिया गया है।

सीबीआई की अपील को मात्र 40 मिनट में स्वीकारा

जोगी ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, 'प्रिय मित्रों और शुभचिंतकों। आज माननीय उच्च न्यायालय ने मुझे सुनवाई का अवसर दिए बिना, मेरे विरुद्ध सीबीआई की अपील को मात्र 40 मिनट में स्वीकार कर लिया। मुझे खेद है कि जिस व्यक्ति को अदालत ने दोषमुक्त किया था, उसे सुनवाई का एक भी अवसर दिए बिना दोषी करार दिया गया। यह अप्रत्याशित है।’ उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'अदालत ने मुझे तीन सप्ताह के अंदर आत्मसमर्पण करने का समय दिया है। मुझे लगता है कि मेरे साथ गंभीर अन्याय हुआ है। मुझे पूरा विश्वास है कि उच्चतम न्यायालय से मुझे न्याय अवश्य मिलेगा। मैं न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास रखता हूं। मैं पूर्ण शांति, आस्था और धैर्य के साथ आगे बढ़ रहा हूं। सत्य की जीत अवश्य होगी। आप सभी से आग्रह है कि मेरे लिए प्रार्थना करें और अपना आशीर्वाद बनाए रखें। जय छत्तीसगढ़।’

'सत्य की जीत हुई है'

इस फैसले का स्वागत करते हुए, दिवंगत रामावतार जग्गी के बेटे सतीश जग्गी ने कहा, 'सत्य की जीत हुई है।’ बिलासपुर में संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'आज हनुमान जयंती है। मैं भगवान हनुमान के चरणों में नमन करता हूं। मुझे उनका विशेष आशीर्वाद मिला है। मेरे परिवार की 20 साल की तपस्या आज सफल हुई है। न्यायपालिका में मेरा विश्वास सही साबित हुआ है। सत्य की जीत हुई है और मेरे पिता को आखिरकार न्याय मिल गया है।’ जग्गी ने कहा, 'मैं उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने इस पूरी यात्रा के दौरान मेरा साथ दिया तथा न्याय और सच्चाई के पक्ष में खड़े रहे। मुख्य आरोपी अमित जोगी अब जेल जाएगा। हालांकि हमारा परिवार पूरी तरह से खुश नहीं हो सकता क्योंकि हमने अपने पिता को खो दिया है, फिर भी न्याय मिल गया है। मैं न्यायपालिका और सीबीआई का आभार व्यक्त करता हूं।’

जग्गी की हत्या चार जून, 2003 को हुई

उन्होंने कहा, 'आज सच्चाई की जीत हुई है।’ राकांपा नेता रामावतार जग्गी की हत्या चार जून, 2003 को हुई थी, जब अजीत जोगी छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री थे। इस मामले की शुरुआती जांच राज्य पुलिस ने की थी। राज्य में 2003 में विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद रमन सिंह की सरकार ने इस मामले को सीबीआई को सौंप दिया था। सीबीआई ने अमित जोगी समेत कई अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Alok Rao
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article