देश

रिश्ते सुधारने की दिशा में आगे बढ़े भारत-कनाडा, दिल्ली में अपने कनाडाई समकक्ष अनीता आनंद से मिले विदेशमंत्री जयशंकर

शिष्टमंडल स्तर की वार्ता के दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दिल्ली और ओटावा के बीच मजबूत रिश्ते पर जोर दिया और कहा कि दोनों देशों को अंतरराष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के खतरे को कम करते हुए द्विपक्षीय सहयोग को दोबारा आगे बढ़ाने पर काम करना चाहिए।

Image

भारत की यात्रा पर आई हैं कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद। तस्वीर-MEA

Photo : ANI

India-Canada Relation: पटरी से उतरे भारत और कनाडा के रिश्ते को वापस दोबारा पटरी पर लाने के प्रयास तेज हो गए हैं। भारत दौरे पर आईं भारतीय मूल की कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने सोमवार को अपने भारतीय समकक्ष एस जयशंकर से मुलाकात की। दोनों विदेश मंत्रियों ने भारत और कनाडा के रिश्ते को नई ऊंचाई पर ले जाने की प्रतिबद्धता जताई और आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। शिष्टमंडल स्तर की वार्ता के दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दिल्ली और ओटावा के बीच मजबूत रिश्ते पर जोर दिया और कहा कि दोनों देशों को अंतरराष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के खतरे को कम करते हुए द्विपक्षीय सहयोग को दोबारा आगे बढ़ाने पर काम करना चाहिए।

रणनीतिक सहयोग की रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा

इस दौरान व्यापार, ऊर्जा और सुरक्षा के क्षेत्रों में द्विपक्षीय रणनीतिक सहयोग की रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा होने की उम्मीद है। मई में विदेश मंत्री का पदभार संभालने के बाद यह आनंद की पहली भारत यात्रा है। अनीता आनंद द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को बढ़ावा देने के तौर-तरीकों पर चर्चा करने के लिए वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से भी मुलाकात करेंगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आनंद की इस यात्रा से आर्थिक सहयोग तथा संबंधों को और मजबूत करके भारत-कनाडा संबंधों में सकारात्मक गति बनाने में मदद मिलेगी।

सिंगापुर और चीन भी जाएंगी अनीता

आनंद की तीन देशों की यात्रा में भारत उनका पहला पड़ाव होगा। इस यात्रा के दौरान वह सिंगापुर और चीन भी जाएंगी। शनिवार को कनाडा की एक विज्ञप्ति में कहा गया कि भारत की यात्रा के दौरान मंत्री आनंद जयशंकर और गोयल से मुलाकात करेंगी, क्योंकि ‘दोनों देश व्यापार विविधीकरण, ऊर्जा परिवर्तन और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर रणनीतिक सहयोग के लिए एक रूपरेखा स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।’ इसमें कहा गया है, ‘मंत्री आनंद मुंबई भी जाएंगी, जहां वह कनाडा और भारत में निवेश, रोजगार सृजन और आर्थिक अवसरों को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही कनाडाई और भारतीय कंपनियों से मुलाकात करेंगी।’

बिगड़ गए थे भारत-कनाडा के संबंध

जस्टिन ट्रूडो के समय खालिस्तानी मुद्दे को लेकर भारत और कनाडा के रिश्ते बेहद खराब हो गए। अब मार्क कार्नी के पीएम बनने के बाद दोनों देशों के रिश्ते एक बार फिर पटरी पर आने शुरू हुए हैं। जी-20 की बैठक से इतर कनाडा के पीएम ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की और द्विपक्षीय रिश्ते को फिर से आगे बढ़ाने पर जोर दिया। अनीता की यह भारत यात्रा आपसी रिश्ते को एक नई दिशा देगी।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article