'अगर हम चाहें तो आप होटल से बाहर कदम भी नहीं रख सकते'; ममता बनर्जी ने अमित शाह को दी धमकी,भाजपा का आरोप
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Dec 31, 2025, 06:20 PM IST
भाजपा ने दावा किया कि बनर्जी ने घुसपैठियों के लिए ऐसा किया और इस बात पर बल दिया कि यह न केवल केंद्रीय गृह मंत्री के लिए,बल्कि देश की पूरी आबादी के लिए खतरा है। पात्रा ने कहा कि ममता बनर्जी सिर्फ अमित शाह को ही नहीं,बल्कि पूरे भारत को धमकी दे रही हैं।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना करते हुए उन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को धमकी देने का आरोप लगाया है। भाजपा ने दावा किया कि वह तानाशाही कर रही हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने बांकुड़ा जिले में एक जनसभा के दौरान कहा कि शाह कोलकाता के जिस होटल में ठहरे हुए हैं वहां से बाहर वह उनकी मर्जी से ही निकल पाए हैं।
पात्रा ने कहा कि ममता बनर्जी ने देश के गृह मंत्री को ऐसी भाषा में धमकी दी है,जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। हमने इसे देखा है। उन्होंने कहा कि आप (शाह)एक होटल में छिपे हुए हैं। अगर हम चाहें तो आप होटल से बाहर कदम नहीं रख सकते। ये आपकी खुशकिस्मती है कि हमने आपको होटल से बाहर आने दिया।
भाजपा ने दावा किया कि बनर्जी ने घुसपैठियों के लिए ऐसा किया और इस बात पर बल दिया कि यह न केवल केंद्रीय गृह मंत्री के लिए,बल्कि देश की पूरी आबादी के लिए खतरा है। पात्रा ने कहा कि ममता बनर्जी सिर्फ अमित शाह को ही नहीं,बल्कि पूरे भारत को धमकी दे रही हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है। पुरी से सांसद पात्रा ने कहा कि बंगाल में ऐसी घटना पहली बार नहीं हुई है। पिछले चुनावों के दौरान हमारे पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमला किया गया था।
पात्रा ने कहा कि अपने बांग्लादेश के दौरे पर अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार,अन्याय और विशेष रूप से घुसपैठियों से जुड़ी राजनीति जैसे मुद्दे उठाए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने करीब 300 भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की है,जबकि 3000 अन्य लोगों को अपने घर छोड़कर भागने पर मजबूर होना पड़ा। यह उनकी हिटलरशाही और तानाशाही है।
भाजपा नेता ने कहा कि बंगाल में लोकतंत्र पर लगातार हमले हो रहे हैं। यह उस राज्य में हो रहा है,जिसने कभी देश का नेतृत्व किया था। ममता बनर्जी ने बंगाल को बर्बाद कर दिया है। पात्रा ने आरोप लगाया कि तृणमूल प्रमुख को मतदाता सूची से घुसपैठियों के नाम हटाए जाने पर आपत्ति है। ममता बनर्जी घुसपैठियों के खातिर देश के गृह मंत्री को धमकी दे रही हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पश्चिम बंगाल में दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी और पार्टी इसकी तैयारी में जुट चुकी है।
बांग्लादेशियों की घुसपैठ को बढ़ावा दे रही हैं ममता
इससे पहले बीते दिन बीजेपी नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में प्रेस कांफ्रेंस कर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर हल्ला बोला था। शाह ने घुसपैठ से लेकर महिला सुरक्षा और हिंदुओं पर अत्याचार को लेकर सीएम ममता से तीखे सवाल पूछे। अमित शाह ने कोलकाता में कहा था कि बंगाल की जनता ने 'भय, भ्रष्टाचार और कुशासन' को सुशासन से बदलने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा था कि बंगाल की जनता घुसपैठ को लेकर चिंतित है; हम न केवल घुसपैठियों की पहचान करेंगे, बल्कि उन्हें खदेड़ेंगे भी। शाह ने कहा कि ममता ने हिंदुओं के दिलों पर घाव किए हैं, अब मरहम लगाने से कुछ नहीं होगा। उन्होंने कहा कि बंगाल में 2026 में बीजेपी की सरकार बनेगी। पीएम मोदी बंगाल में बहुत लोकप्रिय हैं।
अमित शाह ने कोलकाता में आरोप लगाया था कि ममता बनर्जी चुनावी लाभ के लिए बांग्लादेशियों की घुसपैठ को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल में घुसपैठ का ममता जवाब दें। बंगाल की घुसपैठ सिर्फ राज्य का मुद्दा नहीं है। शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा हमें जमीन न दिए जाने के कारण हम बांग्लादेश सीमा पर बाड़बंदी पूरी नहीं कर पाए हैं। शाह ने दावा किया कि 2026 में बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। भाजपा पूर्वी सीमाओं से घुसपैठ रोकेगी और सत्ता में आने के बाद बंगाल के पुनरुद्धार को सुनिश्चित करेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।