देश

Mukesh Ambani का 'बाउंसबैक': फिर बने एशिया के सबसे अमीर इंसान, जानें- Forbes की लिस्ट में औरों का हाल

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Apr 4, 2023, 09:21 PM IST

Asia’s Richest Person according to Forbes: अमेरिकी पत्रिका फोर्ब्स की ओर से यह भी बताया गया कि साल 2022 में मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज 100 अरब डॉलर से अधिक की आय हासिल करने वाली पहली भारतीय कंपनी बनी थी। आरआईएल चेयरमैन का काम-धंधा तेल, दूरसंचार से लेकर खुदरा क्षेत्र तक फैला है।

Image

अपनी धर्म-पत्नी नीता अंबानी के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी। (फाइल)

Photo : IANS

Asia’s Richest Person according to Forbes: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के चेयरमैन और जाने-माने उद्योगपति मुकेश अंबानी ने फिर से एशिया के सबसे अमीर इंसान बनकर इस मामले में बाउंसबैक किया है। मंगलवार (चार अप्रैल, 2023) को अमेरिकी पत्रिका फोर्ब्स की ओर से साल 2023 के अरबपतियों की लिस्ट जारी करते हुए यह जानकारी दी गई। पत्रिका ने बताया कि अंबानी फिर से एशिया के सबसे धनी व्यक्ति बन गए हैं।

फोर्ब्स ने आगे बताया कि 65 बरस के अंबानी 83.4 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के नौवें सबसे अमीर इंसान हैं, जबकि साल 2022 में उनकी आरआईएल 100 अरब डॉलर से अधिक की आय हासिल करने वाली पहली हिंदुस्तानी कंपनी बनी थी। अंबानी का कारोबार तेल, दूरसंचार से लेकर खुदरा क्षेत्र तक फैला हुआ है।

वहीं, अंबानी के मुख्य प्रतिद्वंद्वी और अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ग्लोबल लिस्ट में खिसक कर 24वें पायदान पर पहुंच गए। रोचक बात है कि यही अडानी 24 जनवरी को दुनिया के तीसरे सबसे अमीर इंसान थे और तब उनकी संपत्ति 126 अरब डॉलर थी। दरअसल, अमेरिकी शॉर्ट-सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की एक रिपोर्ट सामने आने और उस पर सियासी बवाल के बाद उनकी संपत्ति में तेजी से गिरावट देखने को मिली थी। अडाणी की कुल संपत्ति अब 47.2 अरब डॉलर है और वह अंबानी के बाद दूसरे सबसे धनी भारतीय हैं।

फोर्ब्स की इस लिस्ट में शिव नादर तीसरे सबसे धनी इंडियन हैं। देश के चौथे सबसे धनी व्यक्ति का स्थान साइरस पूनावाला को मिला, जबकि स्टील कारोबारी लक्ष्मी मित्तल पांचवें, ओपी जिंदल समूह की सावित्री जिंदल छठे, सन फार्मा के दिलीप सांघवी सातवें और डीमार्ट के राधाकृष्ण दमानी आठवें नंबर पर हैं।

नौवें नंबर पर 14.2 बिलियन अमेरिकी डॉलर की नेटवर्थ के साथ कुमार मंगलम बिड़ला और 10वें स्थान पर 12.9 बिलियन अमेरिकी डॉलर्स की नेटवर्थ के साथ उदय कोटक का नाम भारत के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट (नेट वर्थ 10 मार्च, 2023 तक की हैं) में है।

फोर्ब्स ने यह भी बताया कि विश्व के 25 सबसे अमीर लोगों की कुल संपत्ति 2,100 अरब डॉलर है और यह आंकड़ा 2022 में 2,300 अरब डॉलर था। मैग्जीन की रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि दुनिया के टॉप 25 अमीर लोगों में दो-तिहाई की संपत्ति पिछले साल घटी है।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!