देश

'गद्दार' विवाद में बोले रवनीत बिट्टू, कांग्रेस और गांधी परिवार ने पंजाब को अशांत किया

संसद के मकर द्वार पर आज नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी नोकझोंक सामने आई। राहुल गांधी ने बिट्टू को गद्दार कहा तो बिट्टू ने उन पर देशद्रोही होने का आरोप लगाया और गांधी परिवार पर पंजाब व सिखों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए।

Ravneet singh Bittoo

रवनीत सिंह बिट्टू ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

देश की राजधानी नई दिल्ली में संसद के बजट सत्र के दौरान संसद के मकर द्वार पर आज यानी बुधवार 4 फरवरी को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को गद्दार कहा। हालांकि, रवनीत सिंह बिट्टू ने तुरंत ही इस पर राहुल गांधी और उनके साथ खड़े कांग्रेस सांसदों को टका सा जवाब देते हुए देश के देश का दुश्मन कहकर पुकारा। इस घटनाक्रम को लेकर बिट्टू ने राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि उन्हें 'देशद्रोही' जैसे शब्द कहे गए, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई।

रवनीत सिंह बिट्टू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कुछ नेता खुद को सबसे बड़ा देशभक्त मानते हैं और अपने परिवार के बलिदान का हवाला देते हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार पर पंजाब को अशांत करने के आरोप लगाए। बिट्टू ने कहा, स्वर्ण मंदिर पर गोलीबारी और हजारों सिखों व पंजाबियों की हत्या की पीड़ा आज भी लोगों के दिलों में है। उन्होंने कहा कि यदि राजीव गांधी को ‘शहीद’ कहा जाता है, तो सरदार बेअंत सिंह को भी ‘शहीद-ए-आजम’ कहा जाना चाहिए।

बिट्टू ने मीडिया से बात करते हुए यह भी कहा कि वह स्वयं एक शहीद परिवार से आते हैं और यह मुद्दा उनके लिए राजनीतिक नहीं, बल्कि व्यक्तिगत दर्द से जुड़ा है। उनका आरोप है कि जब तक वे कांग्रेस के साथ थे, तब तक रिश्ते सामान्य थे, लेकिन भाजपा में शामिल होने के बाद उनके लिए भाषा और व्यवहार बदल गया। उन्होंने राहुल गांधी के व्यवहार को अहंकारी बताते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे हाथ बढ़ाया जैसे वह खुद को देश का मालिक समझते हों।

केंद्रीय मंत्री बिट्टू ने दावा किया कि जब उनसे हाथ मिलाने की कोशिश की गई, तो उन्होंने मना कर दिया और कहा कि जो लोग सेना और राष्ट्र के खिलाफ बोलते हैं, उनसे हाथ नहीं मिलाया जा सकता। बिट्टू ने गांधी परिवार पर सिखों की हत्या से जुड़े आरोप एक बार फिर दोहराए।

इस पूरे मामले पर कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, इस घटना ने संसद परिसर में राजनीतिक माहौल को जरूर गरमा दिया। आने वाले दिनों में इस पर सियासी बयानबाजी तेज होने की संभावना है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Digpal Singh
Digpal Singh author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article