देश

Ram Rahim के ऑनलाइन सत्संग में नेताओं की हाजरी, देखिए कैसे हो रहे नतमस्तक-VIDEO

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 20, 2022, 09:30 PM IST

VVIP in Ram Rahim Satsang: सजायाफ्ता गुरमीत राम रहीम ने पैरोल पर जेल से बाहर आते ही ऑनलाइन सत्संग का आयोजन किया, राम रहीम के ऑनलाइन सत्संग में डेरा प्रेमियों के साथ बीजेपी के विधायक और मेयर भी वहां पर उसका आशीर्वाद लेने पहुंचे, ऐसे लोगों की तादाद खासी है।

पैरोल पर बाहर आया डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह पिछले कुछ दिनों से ऑनलाइन सत्संग कर रहा है जिनमें भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा इकाई के कई नेताओं ने भाग लिया है।राम रहीम के पैरोल पर बाहर रहने का समय एक बार फिर क्षेत्र में कुछ चुनावों की तारीखों से मेल खा रहा है। इस वर्ष यह ऐसा तीसरा उदाहरण है। हरियाणा में अगले महीने पंचायत चुनाव और आदमपुर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव होने हैं। बताते हैं अपने राजनीतिक फायदे के लिए तमाम नेताओं ने हिस्सा लिया।

डेरा प्रमुख अपनी दो शिष्यों के साथ बलात्कार के लिए 20 साल की जेल की सजा काट रहा है। वह हरियाणा में 46 नगरपालिकाओं के चुनाव से पहले जून में एक महीने की पैरोल पर जेल से बाहर आया था।डेरा प्रमुख को पंजाब विधानसभा चुनाव से करीब दो हफ्ते पहले सात फरवरी से तीन सप्ताह की छुट्टी दी गई थी। हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बड़ी संख्या में सिरसा डेरा के अनुयायी हैं।

करनाल की मेयर रेणु बाला ऑनलाइन सत्संग में शामिल हुईं

सिरसा डेरा प्रमुख राम रहीम उत्तर प्रदेश के बागपत में डेरा के बरनावा आश्रम से ऑनलाइन सत्संग कर रहा है।हरियाणा के उप-विधानसभाध्यक्ष रणबीर गंगवा बुधवार को हिसार में ऑनलाइन प्रवचन सुनने के लिए डेरा के अनुयायियों की एक सभा में मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने सिरसा डेरा से अपने परिवार के जुड़ाव की चर्चा की।इससे पहले करनाल की मेयर रेणु बाला कुछ अन्य भाजपा नेताओं के साथ मंगलवार को एक ऑनलाइन सत्संग में शामिल हुईं।

रेणु बाला ने डेरा प्रमुख को "पिताजी" के रूप में संबोधित किया

उसके बाद डेरा प्रमुख रोहतक की सुनारिया जेल से बरनावा आश्रम गया।ऑनलाइन सत्संग के दौरान डेरा प्रमुख से बातचीत करते हुए गंगवा ने कहा कि वह डेरा प्रमुख द्वारा दिए गए आशीर्वाद से खुश हैं।रेणु बाला ने डेरा प्रमुख को "पिताजी" के रूप में संबोधित किया और कहा कि डेरा प्रमुख का आशीर्वाद हमेशा उनके साथ रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई साल पहले वह करनाल आए थे और स्वच्छता का संदेश दिया जिससे शहर को मदद मिली।वह कार्यक्रम के एक वीडियो में कहती सुनाई दे रही हैं, 'भविष्य में भी आप करनाल आएं और एक बार फिर स्वच्छता का संदेश दें और हमें अपना आशीर्वाद दें।'

गंगवा ने बृहस्पतिवार को फोन पर संपर्क करने पर कहा कि उन्हें डेरा प्रमुख के ऑनलाइन सत्संग में भाग लेने में कुछ भी गलत नहीं लगता। उन्होंने कहा कि दशकों से वह और उनका परिवार डेरा से जुड़ा है और यह व्यक्तिगत विश्वास और पसंद का मामला है। डेरा प्रमुख की पैरोल के समय को लेकर उठे विवाद के बारे में गंगवा ने कहा, 'उन्हें ऐसे समय भी पैरोल मिला था जब कोई चुनाव नहीं था, इसलिए मुझे इसमें कोई मुद्दा नहीं दिखता।'

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article