देश

राम मंदिर मामला: SIT ने AAP नेता संजय सिंह को किया तलब, जांच टीम के सामने पेश करेंगे सबूत

राम मंदिर मामले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को एसआईटी ने पूछताछ और साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए तलब किया है। 25 जून को लखनऊ में होने वाली इस बैठक में संजय सिंह अपने पास मौजूद दस्तावेज जांच टीम को सौंपेंगे। ।

Image

संजय सिंह (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Sanjay Singh: राम मंदिर से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को विशेष जांच दल (SIT) ने तलब किया है। उन्हें 25 जून को सुबह 11 बजे लखनऊ स्थित मंडलायुक्त कार्यालय में उपस्थित होकर अपने पास मौजूद साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा की। उन्होंने बताया कि एसआईटी ने उन्हें जांच में सहयोग के लिए बुलाया है। सांसद का दावा है कि उनके पास राम मंदिर में चढ़ावे और चंदे के कथित दुरुपयोग के साथ-साथ जमीन से जुड़े कथित घोटाले से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि वे ये सभी दस्तावेज एसआईटी अध्यक्ष को सौंपेंगे ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके। अपने एक्स हैंडल पर वीडियो शेयर करते हुए संजय सिंह ने कहा, "प्रभु श्री राम जी के मंदिर में हुए चढ़ावा और चंदा चोरी की जांच करने वाली SIT ने 25 जून को सुबह 11 बजे लखनऊ मंडलायुक्त कार्यालय पर मुझे बुलाया है। मैं जमीन घोटाले से संबंधित सारे दस्तावेज SIT के अध्यक्ष को सौंपूंगा।"

राजनीतिक बयानबाजी लगातार

बता दें कि अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी विवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरते हुए कई सवाल उठाए। उनका कहना है कि मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) अपनी रिपोर्ट सौंप चुकी है, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर ठोस कार्रवाई देखने को नहीं मिली है। संजय सिंह ने सवाल किया कि यदि जांच पूरी हो चुकी है तो आरोपों के घेरे में आए लोग अब भी ट्रस्ट का हिस्सा क्यों बने हुए हैं।

SIT पर साधा निशाना

उन्होंने इससे पहले दावा किया था कि उनके पास मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और सबूत मौजूद हैं, लेकिन उन्हें अब तक एसआईटी के समक्ष अपना पक्ष रखने का अवसर नहीं दिया गया। AAP सांसद ने एसआईटी की कार्यप्रणाली पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सार्वजनिक रूप से लोगों से जांच एजेंसी को साक्ष्य उपलब्ध कराने की अपील की थी, तब उन्होंने भी जांच में सहयोग करने की पहल की। संजय सिंह के अनुसार, उन्होंने एसआईटी को पत्र लिखकर और ईमेल भेजकर मुलाकात का समय मांगा था, ताकि वे अपने पास उपलब्ध दस्तावेज सौंप सकें।

किसी की नहीं हुई गिरफ्तारी

संजय सिंह ने दावा किया कि उनके पास ऐसे दस्तावेज मौजूद हैं, जिनसे कथित तौर पर जमीन खरीद में भारी वित्तीय अनियमितताओं का पता चलता है। उनके अनुसार, एक जमीन जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ रुपये थी, उसे 18.5 करोड़ रुपये में खरीदा गया। इसी तरह 3 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन को 24 करोड़ रुपये और 9 करोड़ रुपये की जमीन को 55.37 करोड़ रुपये में चंपत राय के द्वारा खरीदे जाने का आरोप उन्होंने लगाया।

चांदी, पादुकाएं और हार गायब

AAP सांसद ने यह भी कहा कि राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे और दान की सामग्री में कथित गड़बड़ियों के मामले सामने आए हैं। उनका आरोप है कि मंदिर से जुड़ी कई मूल्यवान वस्तुएं, जिनमें चांदी, पादुकाएं और हार शामिल हैं, गायब होने की बातें सामने आईं। उन्होंने दावा किया कि कुछ मामलों में कथित रूप से चोरी गई सामग्री बरामद होने की जानकारी भी सामने आई, लेकिन इसके बावजूद अब तक किसी के खिलाफ न तो प्रभावी कानूनी कार्रवाई हुई और न ही किसी की गिरफ्तारी की गई।

भाजपा पर भी कसा तंज

संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मामले में जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इतने गंभीर आरोपों के बावजूद न तो प्रवर्तन निदेशालय (ED) और न ही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की कोई सक्रिय जांच दिखाई दे रही है। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में समयबद्ध तरीके से होनी चाहिए थी। उनका कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती, तो करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास को और मजबूती मिलती।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article